अक्षय तृतीया पर सर्राफा बाजार में हल्की ज्वेलरी और छूट की बहार, ग्राहकों के स्वागत को दुकानदार तैयार
Sandesh Wahak Digital Desk: अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर सर्राफा बाजार पूरी तरह तैयार है। बढ़ती सोने-चांदी की कीमतों के बीच ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदारों ने इस बार हल्की ज्वेलरी और छोटे सिक्कों की विस्तृत रेंज बाजार में उतारी है। 1, 2 और 5 ग्राम के सिक्कों के अलावा, लाइट वेट चोकर, ईयर रिंग, हीरे की कील, और डिजाइनर बिछिया व पायल की मांग में खासा इज़ाफा देखा जा रहा है।

आलमबाग के प्रमुख सर्राफ बद्री नारायण गुप्ता ने बताया कि इस बार भारी ज्वेलरी की जगह हल्की और स्टाइलिश ज्वेलरी को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा, “सोने-चांदी की कीमतें काफी बढ़ी हुई हैं, लेकिन फिर भी बाजार में रौनक की उम्मीद है। ग्राहक इस बार सोना जरूर खरीदेंगे, लेकिन संभलकर। इसलिए लाइट वेट ज्वेलरी पर हमारा फोकस है।”

बाजार में छोटे-बड़े सभी शोरूम्स और ब्रांडेड-नॉनब्रांडेड ज्वेलरी कंपनियों ने भारी छूट और उपहार योजनाएं पेश की हैं। हर खरीद पर उपहार और कुछ जगहों पर डायमंड ज्वेलरी पर भी विशेष ऑफर दिए जा रहे हैं।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन के स्टेट हेड अनुराग रस्तोगी का कहना है, “बढ़ती कीमतों से व्यापारी चिंतित जरूर हैं, लेकिन ग्राहकों के आने की उम्मीद से बाजार में उत्साह है। सभी व्यापारी हल्की ज्वेलरी जैसे अंगूठी, कील, बैंजिल और सिक्कों को लेकर तैयार हैं, ताकि हर बजट के खरीदार तक पहुंचा जा सके।”
Also Read: जाति जनगणना कराएगी मोदी सरकार, कैबिनेट बैठक में अहम फैसला, शिलांग-सिलचर हाईवे को मिली मंजूरी

