आपातकाल की 50वीं बरसी पर बोले सीएम योगी- 25 जून लोकतंत्र का काला दिन
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत में 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को आज पूरे 50 साल हो गए हैं। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी ने इसे लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताते हुए देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए। पार्टी के शीर्ष नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और लोकतंत्र की रक्षा में जुटे सेनानियों को नमन किया।
लोकतंत्र को कुचला गया था
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, 25 जून, 1975 भारतीय लोकतंत्र का काला दिवस है। इस दिन कांग्रेस ने देश पर आपातकाल थोपकर संविधान, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों का गला घोंटा। हम उन सभी लोकतंत्र सेनानियों को कोटिशः नमन करते हैं, जिन्होंने उस समय अत्याचारों के खिलाफ आवाज़ उठाई।
केशव मौर्य ने जताया लोकतंत्र पर हमला होने का दुख
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 25 जून 1975 लोकतंत्र के इतिहास का सबसे दुर्भाग्यपूर्ण दिन था। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाया गया आपातकाल लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला था। आज का दिन ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में याद किया जाता है।
न्यायपालिका, मीडिया सबको कुचला गया
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आपातकाल के दौरान संविधान, न्यायपालिका, मीडिया और नागरिकों के मौलिक अधिकारों को दबा दिया गया था। उन्होंने लिखा, आज का दिन हमें उस अंधेरे दौर की याद दिलाता है, जब सत्ता के नशे में जनता की आज़ादी को छीन लिया गया था।
आपातकाल के खिलाफ हर स्वर को नमन
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने ट्वीट किया, 25 जून, 1975 आज़ाद भारत का सबसे काला कालखंड था। हम उन सभी आवाज़ों को नमन करते हैं, जिन्होंने उस दमन के खिलाफ साहस दिखाया।
Also Read: भारत ने रचा इतिहास, फ्लोरिडा से लॉन्च हुआ एक्सिओम-4 मिशन, शुभांशु शुक्ला ने भरी उड़ान

