गणपति विसर्जन के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: मुंबई में गणपति विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने बताया कि विसर्जन जुलूस के दौरान एक हाईटेंशन तार गणपति की ट्रॉली पर गिर गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो नाबालिगों सहित पाँच अन्य लोग झुलस गए।
यह घटना साकीनाका पुलिस स्टेशन क्षेत्र के खैरानी रोड पर हुई, जहाँ गजानन मित्र मंडल का विसर्जन जुलूस गुजर रहा था। जब जुलूस संमन होटल के पास पहुँचा, तो हाईटेंशन तार को ट्रॉली से हटाने की कोशिश के दौरान छह लोगों को जोरदार बिजली का झटका लगा।
अधिकारियों के अनुसार, घायलों में से पाँच को पैरामाउंट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, एक अन्य व्यक्ति को अंधेरी के सेवन हिल्स अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय बिनु सुकुमारन के रूप में हुई है। घायलों में 14 साल का करण कनोजिया और 6 साल का बच्चा अनुष गुप्ता भी शामिल हैं।

