‘सिर्फ इतिहास के पन्नों में सिमट कर…’, सपा को लेकर केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा बयान

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके भविष्य को लेकर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। एक जनसभा को संबोधित करते हुए मौर्य ने दावा किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का पूरी तरह से सूपड़ा साफ हो जाएगा और वह केवल इतिहास के पन्नों में सिमट कर एक ‘समाप्तवादी’ पार्टी बनकर रह जाएगी।

सपा सरकार मतलब सुरक्षा के लिए खतरा

डिप्टी सीएम ने सुरक्षा के मुद्दे पर सपा को घेरते हुए बेहद गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा “समाजवादी पार्टी यूपी की जनता की सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा है। सपा की सरकार आने का सीधा मतलब है महिलाओं की सुरक्षा को खतरे में डालना, उनके सुहाग को खतरे में डालना और उन भाइयों के जीवन को संकट में डालना जिन्हें बहनें राखी बांधती हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि जनता ने 2014, 2017, 2019 और 2022 में बार-बार सपा को नकारा है। 2024 के लोकसभा चुनाव के परिणामों पर तंज कसते हुए मौर्य ने कहा कि विपक्षी दल केवल जनता को गुमराह कर अपनी कुछ सीटें बढ़ाने में कामयाब रहे, लेकिन यह सफलता स्थाई नहीं है।

2027 में ‘शून्य’ होने का दावा

केशव प्रसाद मौर्य ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी के लिए कोई संभावना नहीं बची है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा में आज भी गुंडे और माफियाओं का बोलबाला है और जनता अब अपराध को संरक्षण देने वाली राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा के विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाएं ताकि 2017 के रिकॉर्ड को 2027 में फिर से दोहराया जा सके।

प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल

मौर्य के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में जुबानी जंग तेज होने के आसार हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि डिप्टी सीएम का यह बयान सीधे तौर पर सपा के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को काउंटर करने और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भाजपा की पकड़ मजबूत दिखाने की कोशिश है।

Also Read: सहारनपुर में ‘खाकी’ के सामने खूनी खेल, मेडिकल कराने आई युवती पर ताबड़तोड़ फायरिंग, लगी 3 गोलियां

Get real time updates directly on you device, subscribe now.