‘हिंदुओं की एकजुटता ही भारत को बनाएगी हिंदू राष्ट्र’, कुशीनगर में बोले RSS प्रांत प्रचारक रमेश भाई
हाटा (कुशीनगर)। सुकरौली के नेहरू इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित विशाल ‘हिंदू सम्मेलन एवं समरसता सहभोज’ में समाज की एकजुटता और सनातन संस्कृति की रक्षा का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रांत प्रचारक रमेश भाई ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत अपनी प्राचीनता और संस्कृति के कारण एक स्वाभाविक हिंदू राष्ट्र है।
“सनातन छेड़ता नहीं, पर छोड़ता भी नहीं”
अपने संबोधन में रमेश भाई ने हिंदू समाज को सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “सनातन धर्म की यह खूबी है कि वह कभी किसी को बेवजह परेशान नहीं करता, लेकिन अगर कोई सनातन को चुनौती देता है या छेड़ता है, तो उसे कभी छोड़ता भी नहीं है।” उन्होंने हिंदू समाज के संगठित होने पर जोर देते हुए कहा कि एकजुटता से ही सनातन विरोधी शक्तियों का अंत संभव है।
राम मंदिर और धारा 370 का जिक्र प्रांत प्रचारक ने उदाहरण देते हुए कहा कि आज दुनिया भारत की ताकत देख रही है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 का हटना और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हिंदू समाज की जागरूकता और एकता का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज करीब 70 करोड़ लोग गर्व से खुद को हिंदू कह रहे हैं, जो एक बड़े बदलाव का संकेत है। इस दौरान उन्होंने आत्मरक्षा के महत्व पर भी बात की।
नई पीढ़ी को धर्म से जोड़ने की अपील
विशिष्ट अतिथि ब्रह्मकुमारी नीरा देवी ने कहा कि हमें अपने बच्चों को धर्म और संस्कारों के प्रति जागरूक करना होगा, तभी हिंदू राष्ट्र की नींव मजबूत होगी। संत रमाशंकर शास्त्री ने भी एकजुटता को ही सफलता की कुंजी बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केन यूनियन हाटा के अध्यक्ष विवेक सिंह ‘बंटी’ ने की। इस मौके पर सांसद विजय कुमार दूबे, विधायक मोहन वर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय सहित कई दिग्गज नेता और भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन ‘समरसता सहभोज’ के साथ हुआ, जहाँ सभी ने जाति-पाति के भेदभाव को भुलाकर एक साथ भोजन किया।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: ‘अखिलेश दिन में सपने देख रहे हैं’, बागपत में ब्रजेश पाठक ने साधा सपा प्रमुख पर निशाना

