‘पहले सपा के सांसद-विधायक इस्तीफा दें’, अखिलेश यादव की इस मांग पर ओपी राजभर ने किया पलटवार
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा बैलट पेपर से चुनाव कराए जाने की वकालत करने पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने तीखा पलटवार किया है। राजभर ने शनिवार को इस मांग को लेकर सपा पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
‘ईवीएम हारने पर ही क्यों दिखती है गलत?’
ओपी राजभर ने एक न्यूज़ एजेंसी से बात करते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव बैलट पेपर से चुनाव चाहते हैं, तो पहले उनकी पार्टी के सभी जीते हुए विधायक और सांसदों को इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि “जब उनकी पार्टी के लोग जीत जाते हैं, तो मशीन और ईवीएम सही होती है, लेकिन जब हार जाते हैं, तो उसमें गड़बड़ी दिखने लगती है। अगर वे बैलट पेपर से चुनाव चाहते हैं, तो पहले उनकी पार्टी के जितने विधायक और सांसद जीते हैं, उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। उसके बाद उन्हें जनता को बताना चाहिए कि हम लोग गलती से जीत गए हैं। ईवीएम ने गलती की और जीत गए।” उन्होंने आगे कहा कि जब तक बैलट पेपर से चुनाव नहीं होगा, तब तक सपा को चुनाव नहीं लड़ना चाहिए।
एसआईआर और भाजपा अध्यक्ष चुनाव पर राय
राजभर ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की समयसीमा बढ़ाए जाने के चुनाव आयोग के फैसले को अच्छा कदम बताया। उन्होंने कहा कि फसल की कटाई और बुवाई में व्यस्त किसानों की मांग पर यह फैसला लिया गया है, जो उचित है।
यूपी भाजपा के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा एक पंजीकृत राजनीतिक पार्टी है और वह अपने नियमों-कानूनों के तहत अपने आंतरिक चुनाव करवा रही है। उन्होंने कहा, “वे किसे चुनते हैं, यह उनका फैसला है।” मंत्री ओपी राजभर ने संसद पर हुए आतंकी हमले की 24वीं बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और इसे एक दुखद घटना बताया।
Also Read: बदायूं में घुसपैठियों के विरुद्ध बड़ा अभियान, बड़े सरकार परिसर से हटाए गए अवैध कब्जे

