अखिलेश यादव पर बरसे ओपी राजभर, बोले- सपाई गुंडों का इलाज करना जानती है योगी सरकार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर बेहद तीखा और सीधा हमला बोला है। बलिया में अपने खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन से नाराज राजभर ने आरोप लगाया कि सपा के कार्यकर्ता उनके खिलाफ इसलिए सड़कों पर उतरे क्योंकि वे सोशल मीडिया पर लगातार सच लिख रहे हैं, जो सपा नेतृत्व को हजम नहीं हो रहा। अखिलेश यादव को चेतावनी भरे लहजे में अपने गुंडों को संभालने की नसीहत देते हुए राजभर ने साफ किया कि अगर राज्य में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की गई, तो योगी सरकार ऐसे तत्वों से सख्ती से निपटना अच्छी तरह जानती है।

काले रंग से नहीं डरते, चुनाव के मैदान में आएं: राजभर

ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए लिखा, मित्र अखिलेशजी, देख रहे हैं न अपने गुंडों की करतूत? बलिया में सैकड़ों की तादाद में आपके लोग मेरे खिलाफ सड़क पर आ गए क्योंकि मैं सच लिख रहा हूं। यही आप लोगों की पुरानी मानसिकता है, जो हमेशा गैर-यादव ओबीसी (OBC) समाज को हेय दृष्टि से देखती आई है। उन्होंने आगे कहा कि वे मुर्दाबाद के नारों और काले कपड़ों से डरने वाले नहीं हैं। राजभर ने चुनौती देते हुए लिखा, अगर आप में और आपके कार्यकर्ताओं में दम है, तो लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव के मैदान में आकर मुकाबला करें। आप लोग काला, लाल या हरा जो रंग दिखाना चाहते हैं दिखा लें, लेकिन जीत का भगवा ही लहराएगा। अगर इन हरकतों के जवाब में जनता सड़कों पर उतर आई, तो आप कहीं के नहीं रहेंगे।

संघर्ष से उपजा हूं, लम्पटों से निपटना जानता हूं

अपने पोस्ट के आखिरी हिस्से में मंत्री राजभर ने बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लिखा कि ओम प्रकाश राजभर जमीनी संघर्ष से निकला है और वह सपाई गुंडों से कतई नहीं डरता। उन्होंने लिखा, हमें ऐसे लम्पटों का सामना करना बहुत अच्छे से आता है। अपने लोगों को संभाल लीजिए महाराज, यह योगी सरकार है, जो गुंडों का इलाज बहुत बेहतर ढंग से करना जानती है। अब असली ओबीसी समाज जागरूक हो चुका है और इस तरह के नक्काल परेशान हैं। उन्होंने अपने पोस्ट का अंत जय भारत, जय श्री राम, जय श्री कृष्ण और जय महाराजा सुहेलदेव के नारों के साथ किया।

गौरतलब है कि शनिवार को मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बलिया दौरे से ठीक पहले रतसड़ इलाके में भारी राजनीतिक तनाव फैल गया था। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राजभर के आगमन का पुरजोर विरोध करते हुए उन्हें काले झंडे दिखाए और ओपी राजभर गो बैक (वापस जाओ) के उग्र नारे लगाए। प्रदर्शनकारी सपा कार्यकर्ता मंत्री का पुतला फूंकने की फिराक में थे, लेकिन मौके पर मुस्तैद पुलिस बल ने समय रहते हस्तक्षेप कर पुतले को अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान कुछ देर के लिए इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस की भारी मौजूदगी के कारण हालात काबू में रहे।

Also Read: यूपी में हरित क्रांति का शंखनाद, सीएम योगी ने गोरखपुर से किया पौधरोपण महायज्ञ-2026 का आगाज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.