‘अखिलेश जी उठ जाइए, चुनाव आ रहा है’, रैली न करने पर ओपी राजभर का तंज

UP Politics: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। सोमवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए पोस्ट में ओपी राजभर ने चुनावी राजनीति को लेकर अखिलेश यादव पर व्यंग्य किया।

राजभर ने पोस्ट की शुरुआत “गुड मॉर्निंग अखिलेश जी” से की और लिखा, “उठ जाइए, सुबह हो चुकी है। कितना सोएंगे महाराज।” इसके बाद उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने सपने में देखा है कि अखिलेश यादव चुनाव तक आराम की मुद्रा में ही रहेंगे।

दादरी रैली को लेकर सीधा हमला

ओपी राजभर ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि दादरी में हुई समाजवादी पार्टी की रैली पूरी तरह फ्लॉप रही। उन्होंने लिखा कि रैली के नतीजे देखकर सपा प्रमुख को अपनी राजनीतिक जमीन कमजोर होने का एहसास हो गया है। राजभर के अनुसार, इसी वजह से अखिलेश यादव अब दूसरी रैली करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।

उन्होंने यह भी लिखा कि सपा प्रमुख के करीबी लोग भी यही बात बता रहे हैं। पोस्ट में राजभर ने खुद को “मित्र” बताते हुए कहा, “हम तो आपके मित्र हैं, मित्रता की वजह से आपकी चिंता रहती है।”

वोट बैंक और 2027 चुनाव का जिक्र

पोस्ट के अंत में ओपी राजभर ने सपा के वोट बैंक पर भी टिप्पणी की। उन्होंने लिखा, “सिर्फ यादव और मियां भाई के वोट से काम नहीं बनेगा। ना ट्विटर, ना एसी-पीसी काम करेगा।” राजभर और अखिलेश यादव के बीच पिछले कुछ समय से लगातार बयानबाजी जारी है।

2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। राजभर लगातार सपा नेतृत्व पर हमलावर हैं, जबकि सपा भी भाजपा और उसके सहयोगी दलों को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.