कैराना में बच्चों के विवाद पर खुलेआम हुई फायरिंग,चार आरोपी गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक घटना सामने आई है। कैराना नगर के मोहल्ला रेतावाले में बुधवार रात करीब 9 बजे बच्चों के मामूली विवाद ने एक हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद दो पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने खुलेआम देसी तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

थप्पड़ मारने से शुरू हुआ विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह विवाद बच्चों के खेलते समय किसी बात को लेकर शुरू हुआ था। विवाद बढ़ने पर फुरकान नामक व्यक्ति ने दूसरे पक्ष के एक बच्चे को थप्पड़ मार दिया। बच्चा रोता हुआ घर पहुंचा और उसने अपने परिवार को पूरी घटना बताई। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।

फायरिंग से मोहल्ले में फैली दहशत

आरोप है कि एक पक्ष के चार लोगों ने पीड़िता नवाब की पत्नी रिजवाना के घर के बाहर देसी तमंचे से कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान धारदार हथियारों से भी हमला किया गया। खुलेआम हुई इस फायरिंग से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया। लोग डर के मारे अपने घरों में दुबक गए। सूचना मिलते ही सीओ कैराना श्याम सिंह और कोतवाली प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वायरल वीडियो की मदद से और घटनास्थल से घटना में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में लिया।

पुलिस ने सभी आरोपियों को किया गिरफ्तार

इस मामले में पीड़िता रिजवाना की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शोएब, फरमान और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें जल्द ही जेल भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Also Read: अगर जंग हुई तो पाकिस्तान भारत की बड़ी इंडस्ट्रीज को बनाएगा निशाना, पाक एक्सपर्ट का दावा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.