जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में तीसरे दिन भी आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी, तीन ढेर
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम ज़िले में आतंकियों के ख़िलाफ़ सुरक्षाबलों का ऑपरेशन रविवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने अब तक कुल तीन आतंकियों को मार गिराया है।
सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम ने शुक्रवार को कुलगाम के अखाल वन इलाक़े में आतंकियों के छिपे होने की ख़बर के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। जैसे ही सुरक्षाबलों ने इलाक़े की घेराबंदी की, उन पर गोलियाँ चलाई गईं, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
इस मुठभेड़ में शुक्रवार को एक आतंकी मारा गया था, जबकि शनिवार को दूसरा आतंकी ढेर हुआ। रविवार को तीसरे आतंकी को भी मार गिराया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाक़े में अभी भी और आतंकी हो सकते हैं, इसलिए ऑपरेशन जारी रहेगा।
आतंकियों पर लगातार हो रही है कार्रवाई
घाटी में आतंकियों के ख़िलाफ़ सुरक्षाबलों की कार्रवाई लगातार जारी है। सीमा पर भी सेना हाई अलर्ट पर है और LoC की कड़ी निगरानी कर रही है। हाल ही में, 28 जुलाई को श्रीनगर के दाचीगाम नेशनल पार्क में ‘ऑपरेशन महादेव’ के तहत तीन पाकिस्तानी आतंकियों को मारा गया था। इनमें लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर सुलेमान शाह भी शामिल था।
ये सभी 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए हमले में शामिल थे, जिसमें 26 बेगुनाह लोगों की जान चली गई थी। इसके अगले ही दिन, 29 जुलाई को ‘ऑपरेशन शिव शक्ति’ में दो और आतंकी मारे गए। पहलगाम हमले के बाद से सुरक्षाबलों ने आतंकियों के साथ-साथ उनके मददगारों के ख़िलाफ़ भी मुहिम तेज़ कर दी है।
Also Read: पाकिस्तान में महसूस हुए भूकंप के झटके, लोग घबराकर घरों से बाहर निकले

