Operation Akhal: कुलगाम में आतंकियों से मुठभेड़, सेना ने एक आतंकी को किया ढेर
Sandesh Wahak Digital Desk: कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार देर रात से सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। अब तक एक आतंकी मारा जा चुका है, हालांकि उसका शव अभी बरामद नहीं हुआ है। एनकाउंटर कुलगाम के अखल इलाके में हो रहा है, जहां सेना, एसओजी, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ़ संयुक्त रूप से अभियान चला रहे हैं।
कैसे शुरू हुई मुठभेड़?
शुक्रवार देर रात सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर अचानक फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ सुबह तक जारी रही। सुबह करीब 4 बजे तक लगभग 20 मिनट तक भारी गोलीबारी हुई, जिसके बाद तलाशी अभियान रोका गया।
इलाके में फिलहाल भारी सुरक्षा तैनात है। आशंका जताई जा रही है कि 2-3 आतंकी अभी भी इलाके में मौजूद हैं। अंधेरा होने की वजह से तलाशी अभियान को अस्थायी रूप से रोका गया था, जो अब सुबह फिर से शुरू किया जाएगा।
हालिया ऑपरेशन
इससे पहले अनंतनाग में तीन आतंकी सहयोगियों को हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया गया था। वहीं, पुलवामा में एक बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम कर दी गई थी।
आपको बता दें कि कुलगाम का यह एनकाउंटर कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ चल रहे लगातार अभियानों का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य दक्षिण कश्मीर के इलाकों से आतंकियों के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना है।
Also Read: पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त आज होगी जारी, 9.7 करोड़ किसानों के खाते में आएंगे…

