अमेरिका ने सीरिया में ISIS ठिकानों को किया तबाह, जवानों की मौत का लिया बदला
Sandesh Wahak Digital Desk: सीरिया में अमेरिकी सैनिकों पर हुए जानलेवा हमले का जवाब देते हुए अमेरिका ने बदले की कार्रवाई शुरू कर दी है। अमेरिकी वायुसेना ने सेंट्रल सीरिया में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) के कई ठिकानों को हवाई हमलों में तबाह कर दिया है। इसे ‘ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक’ नाम दिया गया है।
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इन हमलों की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया (X) पर बेहद कड़े शब्दों में संदेश जारी किया। उन्होंने कहा, अगर आप दुनिया में कहीं भी अमेरिकियों को निशाना बनाते हैं, तो आप अपनी बाकी की छोटी और बेचैन जिंदगी इसी डर में बिताएंगे कि अमेरिका आपको ढूंढ निकालेगा और बेरहमी से खत्म कर देगा। आज हमने अपने दुश्मनों को ढूंढकर मार गिराया है, और यह सिलसिला जारी रहेगा। हेगसेथ ने साफ किया कि यह किसी नए युद्ध का आगाज़ नहीं है, बल्कि हमारे खिलाफ की गई बर्बरता का सीधा और कड़ा जवाब है।
यह जवाबी कार्रवाई पिछले सप्ताह 13 दिसंबर को पल्मायरा (सीरिया) में हुए एक हमले के विरोध में की गई है। एक आत्मघाती हमलावर ने अमेरिकी और सीरियाई बलों के काफिले को निशाना बनाया था, जिसमें दो अमेरिकी सैनिक और एक अमेरिकी दुभाषिया मारे गए थे। इस हमले में तीन अन्य सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए थे।

ट्रंप का वादा और व्हाइट हाउस का एक्शन
घटना के तुरंत बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बहुत गंभीर जवाबी कार्रवाई (Very Severe Retaliation) की चेतावनी दी थी। व्हाइट हाउस की उप प्रेस सचिव अन्ना केली ने बताया कि आज के हवाई हमले राष्ट्रपति के उसी वादे को पूरा करने की दिशा में पहला कदम हैं। हमले में क्या-क्या हुआ तबाह? अमेरिकी सेना के अनुसार, ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक में विशेष रूप से आईएसआईएस के लड़ाकों के छिपने के अड्डे, आतंकियों का लॉजिस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर, हथियारों और गोला-बारूद के बड़े गोदाम को नुकसान हुआ है।

