ऑपरेशन महादेव में मिली अहम कामयाबी, आतंकी मददगार गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर पुलिस को पहलगाम आतंकी हमले की जांच में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने आतंकियों की मदद करने वाले शख्स मोहम्मद यूसुफ कटारिया को गिरफ्तार किया है। दक्षिण कश्मीर निवासी कटारिया पर 22 अप्रैल को लश्कर-ए-तैयबा (टीआरएफ) के आतंकियों को सहयोग देने का आरोप है। अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता
पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन महादेव के दौरान बरामद हथियारों और अन्य सामग्रियों के विश्लेषण के बाद कटारिया की संलिप्तता सामने आई। जांच में यह भी पुष्टि हुई कि आतंकियों की आवाजाही और उन्हें लॉजिस्टिक सपोर्ट मुहैया कराने में कटारिया की अहम भूमिका थी। अधिकारियों ने इसे दक्षिण कश्मीर में आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता करार दिया।
पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई
पुलिस ने बताया कि कटारिया पहले संविदा पर काम करता था और बच्चों को पढ़ाता था, लेकिन हाल ही में आतंकी संगठन टीआरएफ के संपर्क में आया और उनकी मदद करने लगा। उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके सहयोगियों और पूरे नेटवर्क की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी में आतंकियों ने धर्म पूछकर 26 पर्यटकों की हत्या कर दी थी। इस नृशंस वारदात की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन टीआरएफ ने ली थी।
इसके बाद भारतीय सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव के तहत कई आतंकियों को मार गिराया और पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को भी ध्वस्त किया।
Also Read: वाराणसी में सैकड़ों किसानों ने देखी जॉली एलएलबी 3, फिल्म में झलकी किसानों की पीड़ा

