‘ऑपरेशन सिंदूर रुका नहीं है, जरूरत पड़ी तो फिर चलेगा’, संसद में पीएम मोदी का विपक्ष पर पलटवार

Sandesh Wahak Digital Desk: संसद के मानसून सत्र में मंगलवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर जबरदस्त बहस देखने को मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष के तमाम सवालों का विस्तार से जवाब दिया और साथ ही भारतीय सेना, ऑपरेशन महादेव, और पाकिस्तान को करारा जवाब देने की रणनीति पर भी खुलकर बोले।

प्रधानमंत्री ने साफ कहा कि भारत शांति का पक्षधर जरूर है, लेकिन शांति और समृद्धि का रास्ता ताकत से होकर ही जाता है। उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जब सेना अपने शौर्य का प्रदर्शन कर रही थी, तब कांग्रेस और विपक्ष पाकिस्तान के प्रोपेगेंडा को बल दे रहे थे।

ऑपरेशन सिंदूर अभी रुका नहीं, पाकिस्तान फिर उकसाएगा तो अंजाम भुगतेगा

पीएम मोदी ने बताया कि 10 मई को ऑपरेशन सिंदूर को अस्थायी रूप से रोका गया था, लेकिन वह अभी भी समाप्त नहीं हुआ है। उनका कहना था, “अगर पाकिस्तान फिर कोई हरकत करेगा, तो जवाब और भी करारा होगा।” उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने आतंकियों के ठिकानों पर सटीक हमले किए और 100% लक्ष्य हासिल किया।

उन्होंने खुलासा किया कि पाकिस्तानी सेना खुद भारतीय अधिकारियों को फोन कर ‘अब बस करो, बहुत मार खा ली’ कह रही थी। पीएम मोदी के मुताबिक, “हमने उन्हें बता दिया कि हमारा उद्देश्य क्या था, और हमने उसे पूरी तरह हासिल कर लिया है।”

“कांग्रेस ने सेना का साथ नहीं दिया, उल्टा मज़े ले रही थी”

पीएम मोदी ने विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस, को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब पहलगाम में आतंकी हमला हुआ, तब कांग्रेस राजनीति करने में व्यस्त थी। उन्होंने कहा, निर्दोषों की हत्या पर कांग्रेस राजनीति कर रही थी और छिछोरापन दिखा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के एक नेता ने तो ऑपरेशन सिंदूर को ‘तमाशा’ बता दिया, जो शहीदों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।

नेहरू का नाम लेते हुए पीएम ने सिंधु जल समझौते पर भी उठाए सवाल

पीएम मोदी ने संसद में सिंधु जल समझौते को भारत के साथ “सबसे बड़ा धोखा” बताते हुए कहा कि यह नेहरू जी की सबसे बड़ी गलती थी। उन्होंने कहा कि भारत के 80% पानी को पाकिस्तान को देना आत्मघाती निर्णय था। प्रधानमंत्री ने संसद में यह भी कहा कि अगर 1971 में कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक सूझबूझ दिखाई होती, तो आज पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) भारत का हिस्सा होता। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस करतारपुर साहिब तक नहीं ला पाई, PoK क्या लाएगी।

अमेरिका के उपराष्ट्रपति का फोन और मोदी का जवाब

पीएम मोदी ने संसद में बताया कि 9 मई की रात, अमेरिका के उपराष्ट्रपति ने उन्हें फोन कर सूचना दी थी कि पाकिस्तान कुछ बड़ा करने वाला है। उन्होंने जवाब में कहा, अगर पाकिस्तान हमला करेगा तो हम गोली का जवाब गोले से देंगे। और फिर 10 मई की सुबह भारत ने पाकिस्तान की सैन्य ताकत को ध्वस्त कर दिया।

“कांग्रेस का भरोसा पाकिस्तान के रिमोट से चलता है”

पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष को जब भी पाकिस्तान कुछ कहता है, वे उसी भाषा में बोलने लगते हैं। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कांग्रेस का भरोसा पाकिस्तान के रिमोट कंट्रोल से बनता और बदलता है। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि जब तक सीमा पर सेना मजबूत नहीं होगी, लोकतंत्र भी सुरक्षित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी सेना को आत्मनिर्भर बनाने की न सोच रखी, न ही कोई योजना बनाई।

 

Also Read: राहुल गांधी की सरकार को खुली चुनौती, बोले- अगर PM मोदी में इंदिरा जितना दम है…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.