यूपी में छात्रों को विदेश में पढ़ने का मौका, योगी सरकार ने ‘अटल-चिवनिंग छात्रवृत्ति’ को दी मंजूरी
हर साल 5 मेधावी छात्रों को मिलेगी UK में मास्टर डिग्री के लिए स्कॉलरशिप, सरकार उठाएगी ₹23 लाख का खर्च
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में “भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी-चिवनिंग उत्तर प्रदेश राज्य सरकार छात्रवृत्ति योजना” को मंजूरी दी गई है। इस योजना के तहत, हर साल प्रदेश के 5 मेधावी छात्रों को यूनाइटेड किंगडम (UK) के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से एक साल की मास्टर डिग्री करने का मौका मिलेगा।

क्या मिलेगा इस योजना में?
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि यह योजना तीन साल (2025-26 से 2027-28) तक चलेगी और इसका खर्च उत्तर प्रदेश सरकार और यूके के फॉरेन कॉमनवेल्थ एंड डेवलपमेंट ऑफिस (FCDO) मिलकर उठाएंगे। इस स्कॉलरशिप में छात्रों की पढ़ाई, परीक्षा, रहने का खर्च और आने-जाने का विमान किराया भी शामिल होगा। यूपी सरकार हर छात्र पर करीब ₹23 लाख (लगभग £19,800) खर्च करेगी।

औद्योगिक विकास और रोजगार को मिलेगी गति
कैबिनेट ने इसके अलावा, औद्योगिक विकास के लिए भी दो महत्वपूर्ण नीतियों को मंजूरी दी है:
MSME औद्योगिक आस्थान नीति: अब औद्योगिक भूखंडों का आवंटन ई-ऑक्शन से होगा। अलग-अलग क्षेत्रों के लिए रेट तय किए गए हैं, जैसे पश्चिमांचल में ₹3000 और पूर्वांचल/बुंदेलखंड में ₹2000 प्रति वर्गमीटर।
यूपी फुटवियर, लेदर और नॉन-लेदर क्षेत्र विकास नीति-2025: इस नीति का मकसद निर्यात बढ़ाना, तकनीकी सुधार लाना और नए रोजगार पैदा करना है। इसके तहत कुशल श्रमिकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
ग्रामीण आबादी के लिए आसान होगी दस्तावेज़ प्रक्रिया
सरकार ने “उत्तर प्रदेश ग्रामीण आबादी अभिलेख विधेयक-2025” को भी मंजूरी दी है। इससे स्वामित्व योजना के तहत बने मालिकाना दस्तावेज़ों यानी घरौनियों में नाम बदलवाना या सुधार करवाना अब बहुत आसान हो जाएगा। अभी तक प्रदेश में 1.06 करोड़ से ज़्यादा घरौनियां बन चुकी हैं।
दो नए निजी विश्वविद्यालयों को मिली मंजूरी
शिक्षा के क्षेत्र को और बढ़ावा देने के लिए कैबिनेट ने दो नए निजी विश्वविद्यालयों को भी मंजूरी दी है:
- के.डी. विश्वविद्यालय, मथुरा
- बोधिसत्व विश्वविद्यालय, बाराबंकी

