NCC स्पेशल एंट्री के जरिए सेना में जाने का मौका
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय सेना ने एनसीसी स्पेशल एंट्री स्कीम के तहत भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस स्कीम के तहत NCC के सी सर्टिफिकेट रखने वाले कैडेट्स बिना लिखित परीक्षा दिए सीधे लेफ्टिनेंट की रैंक हासिल कर सकते हैं। इस भर्ती प्रक्रिया में पुरुषों के लिए 70 और महिलाओं के लिए 6 पद उपलब्ध हैं। आवेदन प्रक्रिया पहले से जारी है और चयन के लिए आयु सीमा 19 से 25 साल निर्धारित की गई है। चयन प्रक्रिया की शुरुआत एनसीसी ‘C’ प्रमाणपत्र की ग्रेडिंग और ग्रेजुएशन के नंबरों के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग से होगी।
चयन प्रक्रिया और ट्रेनिंग की पूरी व्यवस्था
नेशनल कैडेट कोर (NCC) के सी सर्टिफिकेट के आधार पर शॉर्टलिस्ट होने के बाद उम्मीदवारों को एसएसबी इंटरव्यू देना होगा। चयनित कैडेट्स को 49 हफ्तों की ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसके दौरान उन्हें हर महीने 56,100 रुपए का स्टाइपेंड दिया जाएगा। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद चयनित उम्मीदवारों को दस साल तक सेना में सेवाएं देनी होंगी, हालांकि सेना आवश्यकता अनुसार बीच में कमीशन समाप्त भी कर सकती है।
प्री-कमीशन ट्रेनिंग ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी चेन्नई में आयोजित की जाएगी। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को मद्रास यूनिवर्सिटी से डिफेंस मैनेजमेंट और स्ट्रेटेजिक स्टडीज में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा दिया जाएगा।
मेरिट सिस्टम और बोनस अंकों की गणना
दरअसल NCC ‘C’ ग्रेड के आधार पर उम्मीदवारों को अंक दिए जाएंगे। ए ग्रेड होने पर 50 और बी ग्रेड होने पर 25 अंक मिलेंगे। इसके साथ ही ग्रेजुएशन के प्रतिशत के अनुसार अतिरिक्त अंक भी जोड़े जाएंगे। उदाहरण के तौर पर अगर किसी कैडेट के ग्रेजुएशन में 78 प्रतिशत नंबर हैं और उसके पास एनसीसी ‘C’ बी ग्रेड है, तो कुल बोनस अंक 30 और 25 जोड़कर 55 हो जाएंगे। वहीं अगर उसी कैडेट के पास ए ग्रेड है तो कुल अंक 30 और 50 जोड़कर 80 हो जाएंगे।
NSB इंटरव्यू में जरूरी तैयारी
एसएसबी इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवारों के आत्मविश्वास और सैन्य समझ पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उम्मीदवारों को NCC से जुड़ी पूरी जानकारी होनी चाहिए। इसके साथ ही आर्मी की बेसिक जानकारी जैसे ड्रिल, हथियार, नक्शा और वर्तमान सैन्य गतिविधियों की समझ भी जरूरी होगी। इंटरव्यू के दौरान इंग्लिश में बोलना अनिवार्य नहीं है, लेकिन आत्मविश्वास बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है।
Also Read: Gonda News: शौच के लिए गई 5 साल की बच्ची को कुत्तों ने नोच-नोच कर मार डाला

