बिहार में ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाकर लोकसभा में विपक्ष का हंगामा, कार्यवाही स्थगित

Sandesh Wahak Digital Desk: संसद के मानसून सत्र का बुधवार को तीसरा दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ गया। निचले सदन यानी लोकसभा में कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों के सदस्यों ने बिहार में मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग को लेकर भारी हंगामा किया। विपक्ष के अड़ियल रुख के कारण सदन में प्रश्नकाल नहीं चल सका।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सदस्यों को समझाने की कोशिश की, लेकिन हंगामा जारी रहा। आखिरकार, स्पीकर को कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।

संसद के बाहर भी विरोध प्रदर्शन

सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद विपक्षी दलों के नेता संसद परिसर के मकर द्वार पर बैनर और पोस्टर लेकर इकट्ठा हुए और ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस ने कहा- वोट देने का हक़ छीनना चाहती है भाजपा

कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने मीडिया से बात करते हुए कहा, हमारी मांग एकदम साफ़ है कि बिहार में जो हो रहा है, वो कल को पूरे देश में हो सकता है। भाजपा सरकार लोगों का वोट देने का अधिकार छीनना चाहती है। गोगोई ने इस मुद्दे को ‘वोट चोरी’ करार देते हुए कहा कि हम सदन में इस पर स्पष्टता चाहते हैं। उन्होंने यह भी मांग की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद सदन में आएं और इस मुद्दे पर चर्चा में हिस्सा लें। साथ ही, उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर भी चर्चा की तारीख़ स्पष्ट करने की मांग की।

Also Read: UP News: संपत्तियां खरीद कर नए ट्रेंड से कमाई को सफेद बना रहे आईएएस अफसर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.