मानसून सत्र का चौथा दिन, सोनिया गांधी समेत विपक्ष का संसद के बाहर प्रदर्शन

Sandesh Wahak Digital Desk: संसद के मानसून सत्र का चौथा दिन भी बिहार में मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) के मुद्दे पर हंगामे की भेंट चढ़ गया। लोकसभा में विपक्षी सदस्यों ने इस मुद्दे पर चर्चा की मांग को लेकर भारी हंगामा किया, जिसके चलते सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।

लोकसभा में हंगामा, संसद के बाहर प्रदर्शन

हंगामे के कारण गुरुवार को भी सदन में प्रश्नकाल नहीं चल पाया। स्पीकर ओम बिरला ने विपक्ष के सदस्यों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब हंगामा जारी रहा तो उन्होंने कार्यवाही को स्थगित कर दिया। सदन की कार्यवाही रुकने के बाद विपक्षी दलों के नेता एकजुट होकर संसद परिसर के मकर द्वार पर जमा हुए और ज़ोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान विपक्षी नेताओं ने बैनर और पोस्टर लहराए। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल हुईं। वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोकतंत्र खतरे में लिखा पोस्टर लहराकर अपना विरोध दर्ज कराया।

चुनाव आयोग बीजेपी का दफ्तर बन गया है

इस प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं ने सरकार और चुनाव आयोग पर तीखे हमले किए। प्रियंका गांधी ने कहा, जब भी विपक्षी नेता बोलना चाहते हैं, उन्हें बोलने नहीं दिया जाता। हम सिर्फ इस गंभीर मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने चुनाव आयोग पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा, चुनाव आयोग केवल बीजेपी की सरकार बनाने के लिए काम कर रहा है। यह अब चुनाव आयोग नहीं रहा, बल्कि भाजपा का पार्टी कार्यालय बन गया है।

वहीं, आरजेडी सांसद मनोज झा ने चेतावनी देते हुए कहा, अगर हमारा चुनाव आयोग बांग्लादेश चुनाव आयोग की तरह व्यवहार करेगा, तो दलों और नागरिकों के पास कोई विकल्प नहीं रहेगा। अगर सरकार बिहारियों को बेदखल करने की योजना बना रही है, तो वह आग से खेल रही है। कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि जब तक इस मुद्दे पर कोई हल नहीं निकलता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।

Also Read: Siddharthnagar News: दर्दनाक सड़क हादसे में वरिष्ठ पत्रकार इरशाद सिद्दीकी का निधन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.