संसद में लामबंद हुआ विपक्ष, स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी तेज

Sandesh Wahak Digital Desk: संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में भारी हंगामे के बीच विपक्षी दल अब स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव (No-Confidence Motion) लाने की योजना बना रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, कई प्रमुख विपक्षी दल इस प्रस्ताव पर एकमत हो गए हैं और सांसदों के हस्ताक्षर जुटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

विवाद की मुख्य वजह

विपक्ष का आरोप है कि सदन की कार्यवाही के दौरान पक्षपात किया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष की अनदेखी: कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों का आरोप है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को महत्वपूर्ण विषयों पर बोलने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जा रहा है। सोमवार को भी सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के हंगामे के कारण मात्र 5 मिनट के भीतर बैठक 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।

हंगामे के बीच स्पीकर ओम बिरला ने विपक्षी सांसदों से सदन चलाने की अपील की और कहा प्रश्नकाल केवल सवाल पूछने के लिए होता है, इसमें अन्य विषयों पर चर्चा की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि बजट चर्चा और शून्यकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष सहित सभी सदस्यों को आवंटित समय के अनुसार बोलने का पूरा मौका दिया जाएगा। स्पीकर ने विपक्षी सांसदों को टोकते हुए कहा कि सदन नियमों और प्रक्रियाओं से चलता है, नियोजित नारेबाजी और गतिरोध के लिए नहीं।

हंगामे से पहले, सदन ने एक सुर में अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम को बधाई दी। स्पीकर ने टीम की उपलब्धि की सराहना की और सभी सदस्यों ने मेजें थपथपाकर उत्साहवर्धन किया।

Also Read: UP बजट सत्र 2026: विपक्ष के ‘गो बैक’ नारों के बीच राज्यपाल का अभिभाषण, सदन में पेश हुआ UP का ‘इकोनॉमिक सर्वे’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.