Zomato से खाना ऑर्डर करना हुआ महंगा, कंपनी ने 20% बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस
Zomato Platform Fees Hike : ऑनलाइन खाना ऑर्डर करने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। देश की बड़ी फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो ने अपनी ‘प्लेटफॉर्म फीस’ बढ़ा दी है। अब हर ऑर्डर पर आपको पहले के मुकाबले 2 रुपये ज्यादा यानी कुल 12 रुपये की प्लेटफॉर्म फीस चुकानी होगी। इससे पहले यह फीस 10 रुपये थी।
क्यों बढ़ाई गई फीस?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, त्योहारी सीजन से पहले कंपनी ने यह कदम अपने मुनाफे को बढ़ाने और हर ऑर्डर से ज्यादा कमाई करने के मकसद से उठाया है।जोमैटो ने प्लेटफॉर्म फीस लेना अप्रैल 2023 में शुरू किया था। तब यह महज 2 रुपये थी। पिछले ढाई साल में कंपनी ने इस फीस में कई बार बढ़ोतरी की और अब यह बढ़कर 12 रुपये तक पहुंच गई है।
कंपनी की कमाई पर क्या असर पड़ेगा?
जोमैटो रोजाना लगभग 23 से 25 लाख ऑर्डर डिलीवर करता है। इस हिसाब से अब 12 रुपये की फीस से कंपनी को रोजाना करीब 3 करोड़ रुपये की कमाई होगी, जो पहले 2.5 करोड़ रुपये हुआ करती थी। इस तरह हर तिमाही में कंपनी को लगभग 45 करोड़ रुपये का अतिरिक्त फायदा होगा।
प्लेटफॉर्म फीस क्या होती है?
प्लेटफॉर्म फीस एक तरह का सर्विस चार्ज है जो कंपनी के ऐप और प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने के लिए लिया जाता है। ध्यान रहे, यह डिलीवरी चार्ज से अलग है। यानी अब आपको खाना ऑर्डर करते समय प्लेटफॉर्म फीस, डिलीवरी चार्ज, रेस्टोरेंट का बिल और उस पर जीएसटी अलग से चुकाना होगा।
जोमैटो की तरह दूसरी बड़ी कंपनी स्विगी भी अपने यूजर्स से प्लेटफॉर्म फीस और डिलीवरी चार्ज वसूलती है। साफ है, ऑनलाइन खाना ऑर्डर करना अब पहले से थोड़ा और महंगा हो गया है। अगली बार ऑर्डर करते समय आपको इन अतिरिक्त शुल्कों का ध्यान जरूर रखना होगा।

