अयोध्या में यूरिया के लिए हाहाकार, खाद वितरण के दौरान हंगामा, कई जगहों पर लाठीचार्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में किसानों को यूरिया खाद के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सहकारी समितियों पर सुबह से ही किसानों की लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। तेज धूप में घंटों खड़े रहने के बाद जब किसानों का सब्र टूटा, तो कई जगहों पर हंगामा हो गया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
जगह-जगह हुआ हंगामा
जिले में कई जगहों पर यूरिया वितरण के दौरान अव्यवस्था देखने को मिली।
खंडासा: कुरावन सहकारी किसान केंद्र पर घंटों लाइन में लगे किसानों ने जब हंगामा किया, तो पुलिस को लाठियां भांजकर भीड़ को काबू में करना पड़ा।
मया भीखी: मया भीखी सहकारी समिति पर गाली-गलौज और मारपीट की स्थिति पैदा हो गई। समिति के सचिव अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि 400 बोरी खाद के लिए दोगुनी संख्या में किसान आए हुए थे।
जजवारा: साधन सहकारी समिति जजवारा पर धक्का-मुक्की में सचिव प्रमोद यादव को चोट आ गई। पुलिस को उन्हें भीड़ से बचाकर बाहर निकालना पड़ा।
तेलियागढ़: किसान सेवा सहकारी समिति तेलियागढ़ पर खाद की कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
अधिकारियों का बयान
अधिकारियों ने माना कि कुछ समितियों पर यूरिया खत्म हो गई है, लेकिन उनका दावा है कि डिमांड और पैसा भेजा जा चुका है। सहायक विकास अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि अगले कुछ दिनों में यूरिया की रैक आने के बाद सभी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो जाएगी। हालांकि, किसानों का कहना है कि निजी दुकानों पर भी यूरिया नहीं मिल रही, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
Also Read: ऑनलाइन मनी गेम्स पर बैन लगाने की तैयारी में मोदी सरकार, संसद में पेश होगा बिल

