Kanpur News: चौकी इंचार्ज ने व्यापारी से हड़पे 5.70 लाख रुपये, निलंबित
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में पुलिस का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां जागेश्वर मंदिर चौकी के इंचार्ज नितिन पुनिया ने एक व्यापारी को जबरन पकड़कर उससे 5.70 लाख रुपये ठग लिए। मामले की शिकायत मिलने के बाद, आरोपी दारोगा को निलंबित कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
यह घटना बीते मंगलवार की है। जालौन के रहने वाले व्यापारी आसिफ शेख अपनी कार से लौट रहे थे, तभी चुन्नीगंज इलाके में चौकी इंचार्ज नितिन पुनिया ने उन्हें रोक लिया। बिना किसी वरिष्ठ अधिकारी को सूचना दिए, पुनिया व्यापारी को अपनी चौकी पर ले गए। आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने व्यापारी पर जुआ खेलने का झूठा आरोप लगाते हुए उसे जेल भेजने की धमकी दी और उससे 5.70 लाख रुपये हड़प लिए।
अधिकारियों के दखल के बाद हुई कार्रवाई
चौकी से छूटने के बाद, आसिफ शेख ने तुरंत एसीपी कर्नलगंज को पूरी घटना की जानकारी दी। मामला पुलिस कमिश्नर तक पहुँचा, जिन्होंने तुरंत आरोपी दारोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। जब नितिन पुनिया को पता चला कि मामला बड़े अधिकारियों तक पहुँच गया है, तो उसने व्यापारी को लूटे गए पैसे वापस कर दिए। हालांकि, व्यापारी की शिकायत पर नवाबगंज थाने में आरोपी दारोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को निलंबित भी कर दिया है।
Also Read: कीव पर रूस का बड़ा हमला, मिसाइल और ड्रोन अटैक में 3 की मौत, 24 घायल

