प्रधानाचार्य की निर्मम हत्या से आक्रोश: कुशीनगर के निजी शिक्षण संस्थान बंद, सुरक्षा और न्याय की उठी मांग
कुशीनगर: पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बुद्ध इंटरमीडिएट कॉलेज, बबुईयां हरपुर के प्रधानाचार्य छोटे लाल कुशवाहा की नृशंस हत्या के विरोध में जनपद के निजी स्कूलों में भारी रोष व्याप्त है। ‘निजी प्रबंध अशासकीय विद्यालय कल्याण समिति’ के आह्वान पर बुधवार को जिले के लगभग सभी निजी शिक्षण संस्थान बंद रहे। प्रबंधकों और शिक्षकों ने एकजुट होकर हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
भय के साये में शिक्षण संस्थान
समिति के जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह के नेतृत्व में विभिन्न विद्यालयों में शोक सभाएं आयोजित की गईं। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस घटना ने शिक्षा जगत को झकझोर कर रख दिया है और शिक्षण संस्थानों में असुरक्षा व भय का माहौल पैदा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि हत्या में शामिल सभी वांछित अभियुक्तों को तत्काल गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए सजा दिलाई जाए। दिवंगत प्रधानाचार्य के परिजनों को सरकार की ओर से उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए। जनपद के सभी स्कूलों, प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को भयमुक्त वातावरण और पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जाए।
बंदी रही शत-प्रतिशत सफल
जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने बताया कि संगठन के आह्वान पर जिले के निजी स्कूलों की बंदी पूरी तरह सफल रही। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि पूरा संगठन इस दुःख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है और न्याय मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा। शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
रिपोर्ट : राघवेंद्र मल्ल
Also Read: सिद्धार्थनगर: डीएम ने ठंड से ठिठुरते दिव्यांग फरियादी को पहले उढ़ाया कंबल, फिर सुनी समस्या

