लखनऊ सिविल अस्पताल में आउटसोर्स कर्मचारियों का प्रदर्शन, वेतन और बोनस न मिलने पर काम ठप
Sandesh Wahak Digital Desk: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में शुक्रवार को आउटसोर्सिंग पर तैनात सफाई कर्मियों ने वेतन और दिवाली बोनस न मिलने से नाराज़ होकर काम ठप कर दिया और जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कर्मियों ने आरोप लगाया कि दिन-रात काम करने और बेहिसाब काम लेने के बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जाता, और त्योहार के समय भी बोनस जारी नहीं किया गया। प्रदर्शन के दौरान एक महिला कर्मी की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद साथी कर्मी उसे इमरजेंसी लेकर पहुंचे। डॉक्टरों की निगरानी में रखने के बाद उन्हें राहत मिली।
काम ठप कर की नारेबाजी
सफाई कर्मियों का कहना था कि प्रशासन की अनदेखी के कारण उन्हें प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वेतन, छुट्टी और बोनस को लेकर उनकी कोई सुनवाई नहीं होती है।
अस्पताल प्रशासन ने दी सफाई
मामले पर सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. एस.के. पांडेय ने बताया कि अस्पताल में निजी आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से करीब 75 सफाई कर्मियों को तैनात किया गया है, जिनका भुगतान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) द्वारा किया जाता है।
डॉ. पांडेय ने बताया कि गुरुवार को भुगतान होना था, लेकिन ट्रेजरी (कोषागार) में किसी तकनीकी अड़चन के चलते पेमेंट नहीं हो सका। उन्होंने कहा आज (शुक्रवार) सभी का पेमेंट कर दिया गया है। प्रदर्शन करने वाले सभी सफाई कर्मी काम पर भी लौट आए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदर्शन के बावजूद मरीज से जुड़ा कोई काम प्रभावित नहीं हुआ, क्योंकि इस दौरान अस्पताल के स्थायी सफाई कर्मी काम पर मौजूद थे।
Also Read: लखनऊ नगर निगम मुख्यालय पर ठेकेदारों का प्रदर्शन, बकाया भुगतान न होने से भड़के, दी ये चेतावनी

