उमर नबी के वीडियो पर भड़के ओवैसी, बोले- सुसाइड बॉम्बिंग शहादत नहीं, यह पूरी तरह आतंकवाद है
Sandesh Wahak Digital Desk: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने दिल्ली ब्लास्ट के मुख्य आत्मघाती हमलावर उमर नबी के एक पुराने वीडियो पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इस वीडियो में उमर नबी सुसाइड बॉम्बिंग को शहादत और गलत समझा गया अमल बता रहा है।
ओवैसी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि ऐसे कृत्यों का इस्लाम में कोई स्थान नहीं है। इस्लाम में खुदकुशी सख्त हराम है और मासूम लोगों का खून बहाना सबसे बड़ा गुनाह है। सुसाइड बॉम्बिंग को शहादत कहना इस्लाम का अपमान है। यह किसी भी तरह ‘गलत समझा गया’ नहीं है। यह पूरी तरह आतंकवाद है और देश के कानून के खिलाफ जघन्य अपराध है।
गृह मंत्री अमित शाह पर दागे सवाल
ओवैसी ने इस आतंकी हमले को रोकने में विफल रहने के लिए सीधे तौर पर केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और जिम्मेदारी लेने की मांग की। उन्होंने पूछा, पार्लियामेंट में गृह मंत्री अमित शाह ने ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव का हवाला देते हुए दावा किया था कि पिछले छह महीनों में एक भी स्थानीय कश्मीरी युवक आतंकी संगठन में शामिल नहीं हुआ। फिर यह नया आतंकी मॉड्यूल कहां से पैदा हो गया?
ओवैसी ने सवाल किया कि दिल्ली जैसे संवेदनशील शहर में आईईडी प्लांट करने वाला यह ग्रुप खुफिया एजेंसियों की नाक के नीचे कैसे तैयार हुआ और इस विफलता की जिम्मेदारी कौन लेगा?
Also Read: राहुल गांधी के खिलाफ 272 प्रबुद्ध नागरिकों का खुला पत्र, चुनाव आयोग को कमजोर करने का लगाया आरोप

