सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की टेंशन खत्म, शुरू हुआ विशाल LMO प्लांट

Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर के माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज से मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए एक राहत भरी खबर आई है। अस्पताल परिसर में स्थापित लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन (LMO) प्लांट पूरी तरह से चालू हो गया है। अब अस्पताल के वार्डों और आईसीयू में भर्ती मरीजों को ऑक्सीजन के लिए बिजली या छोटे सिलेंडरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

अब बिजली जाने पर भी नहीं रुकेगी सांसें

मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश मोहन ने बताया कि यह प्लांट अत्याधुनिक तकनीक से लैस है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि अगर अस्पताल की बिजली गुल भी हो जाए, तब भी ऑक्सीजन की सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा। पहले अक्सर लाइट कटने के दौरान जो तकनीकी दिक्कतें आती थीं, अब उनसे पूरी तरह निजात मिल गई है।

20,000 लीटर की रिफिलिंग हुई पूरी

डॉ. राजेश मोहन के मार्गदर्शन में शासन द्वारा तय एजेंसी ने टैंकर के जरिए प्लांट में लगभग 20,000 लीटर लिक्विड ऑक्सीजन भर दी है। इस बड़ी क्षमता के कारण यहां अब बिना रुके सुरक्षित ऑक्सीजन मिलेगी। गंभीर मरीजों के लिए ऑक्सीजन की निरंतरता बनी रहेगी। मरीजों को पर्याप्त और सुरक्षित बैकअप मिलता रहेगा।

प्रधानाचार्य ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि कॉलेज प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता मरीजों को बेहतर उपचार और जीवन रक्षक सुविधाएं देना है। यह प्लांट स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: Bahraich News: कैसरगंज में बाबू सुंदर सिंह फाउंडेशन ने बांटे 8000 कंबल, उमड़ी भारी भीड़

Get real time updates directly on you device, subscribe now.