उत्तराखंड के पद्मश्री डॉ. बी. के. एस. संजय एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष नियुक्त
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तराखंड के प्रसिद्ध अस्थि रोग विशेषज्ञ और पद्मश्री से सम्मानित डॉ. भूपेंद्र कुमार सिंह संजय को भारत सरकार ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), गुवाहाटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति पूर्वोत्तर भारत में चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है।
एम्स: स्वास्थ्य सेवाओं का आधार स्तंभ
भारत सरकार ने देश में तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और उन्हें दूर-दराज के क्षेत्रों तक पहुँचाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में, देशभर में 19 कार्यरत एम्स संस्थान हैं, जिनमें एम्स गुवाहाटी भी शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन नए एम्स संस्थानों को ‘विकसित भारत मिशन’ का आधार स्तंभ बताया है। एम्स गुवाहाटी की आधारशिला 26 मई 2017 को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा रखी गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य पूर्वोत्तर भारत में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता को बढ़ाना और क्षेत्रीय असंतुलन को दूर करना है।
डॉ. संजय का विस्तृत परिचय
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किए गए डॉ. संजय एक अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अस्थि रोग विशेषज्ञ हैं। वे एक क्लीनिकल शोधकर्ता, शिक्षाविद, लेखक, वक्ता और कवि भी हैं। समाज सेवा में भी उनकी गहरी रुचि है। डॉ. संजय की उपलब्धियाँ कई प्रतिष्ठित रिकॉर्ड्स में दर्ज हैं, जिनमें इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स शामिल हैं।
स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा
डॉ. संजय का यह पदभार संभालना पूर्वोत्तर भारत में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उनके व्यापक अनुभव और विशेषज्ञता से उम्मीद है कि एम्स गुवाहाटी चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और पूर्वोत्तर के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा।
Also Read: Lucknow News: एसजीपीजीआई में आईसीयू प्रोजेक्ट का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन

