Pahalgam Terror Attack: अमेरिका में भारतीय समुदाय ने किया प्रदर्शन, कश्मीरी पंडितों के दर्द को रखा दुनिया के सामने

Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले के विरोध में अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों ने एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया। इस प्रदर्शन का उद्देश्य न केवल पीड़ितों को श्रद्धांजलि देना था, बल्कि वैश्विक समुदाय का ध्यान कश्मीरी हिंदुओं पर दशकों से हो रहे अत्याचारों की ओर भी खींचना था।

अमेरिका में लोगों ने किया ज़बरदस्त प्रदर्शन

प्रदर्शनकारियों ने हाथों में भारत और अमेरिका के झंडे थामे रखे थे और ‘आतंकवाद बंद करो’ तथा ‘कश्मीरी हिंदुओं को निशाना बनाना बंद करो’ जैसे नारे लिखे पोस्टर लिए हुए थे। कई लोगों ने उन कश्मीरी हिंदू पीड़ितों की तस्वीरें भी प्रदर्शित कीं, जो इस्लामी आतंकवाद का शिकार हुए थे।

स्वप्ना रैना ने अपना व्यक्तिगत दर्द किया साझा

इस अवसर पर कश्मीरी पंडित समुदाय की सदस्य स्वप्ना रैना ने अपना व्यक्तिगत दर्द साझा करते हुए कहा, “22 अप्रैल का दिन मेरे लिए एक बुरे सपने जैसा है। मेरे दादा को केवल हिंदू होने की वजह से गोली मार दी गई थी। हमें धर्म बदलने, भागने या मरने के लिए मजबूर किया गया।” उन्होंने आगे बताया कि लगभग चार लाख कश्मीरी हिंदू रातों-रात अपने ही घरों से विस्थापित हो गए।

स्वप्ना ने कहा, “हम अभी भी उस पीड़ा को झेल रहे हैं और झूठी कहानियों का खंडन कर रहे हैं। हमें यह साबित करना पड़ रहा है कि हमारे साथ यह सब वास्तव में हुआ था। यह मानवता के लिए एक शर्मनाक स्थिति है।”

स्वप्ना ने आतंकवाद को दी सख्त चेतावनी

उन्होंने जोर देकर कहा कि इस्लामी आतंकवाद को रोकने की सख्त ज़रूरत है और सभी धर्मों को समझने और सम्मान देने की आवश्यकता है। “किसी को भी उसकी धार्मिक पहचान के कारण जान गंवानी पड़े, यह स्वीकार्य नहीं है,” उन्होंने कहा। बता दे, प्रदर्शन ने शांति, एकजुटता और न्याय की मांग के साथ दुनिया को यह संदेश दिया कि अब और चुप्पी नहीं, बल्कि सच्चाई और न्याय की ज़रूरत है।

Also Read: Canada Election: कनाडा में आज प्रधानमंत्री पद के लिए चुनाव, शाम तक आएंगे नतीजे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.