Pahalgam Terror Attack: 3 आतंकियों का स्केच जारी, आप भी देख लें दहशतगर्दों का चेहरा
Sandesh Wahak Digital Desk: पहलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले के बाद पूरे देश में शोक और गुस्से का माहौल है। निहत्थे पर्यटकों को निशाना बनाने की इस कायराना हरकत से देशवासी स्तब्ध हैं। इस बीच, सुरक्षा एजेंसियों ने हमले में शामिल तीन आतंकियों के स्केच जारी किए हैं, जिनकी पहचान आसिफ फौजी, सुलेमान साह और अबू तलहा के रूप में हुई है। ये स्केच चश्मदीदों के तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक बनाए गए हैं।
खुफिया सूत्रों के अनुसार, पर्यटकों पर चुन-चुनकर गोलियां बरसाने के बाद ये आतंकी पास के पहाड़ी जंगल में भाग गए हैं। हमले के तुरंत बाद ही सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और आतंकियों की तलाश में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
माना जा रहा है कि आतंकी बैसरन के जंगलों के रास्ते से आए थे और हमले को अंजाम देने के बाद उसी रास्ते से सुरक्षित ठिकानों की ओर भागने में सफल रहे। सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों में आतंकियों की खोज कर रहे हैं।
28 पर्यटकों की निर्मम हत्या
गौरतलब है कि कल पहलगाम में TRF (द रेजिस्टेंस फ्रंट) के पांच आतंकवादियों ने 28 पर्यटकों की निर्मम हत्या कर दी थी। आतंकियों ने पहले धर्म के आधार पर हिंदू पर्यटकों की पहचान की, उन्हें एक जगह इकट्ठा किया और फिर अंधाधुंध गोलियां चलाकर मौत के घाट उतार दिया। पहलगाम में जिस जगह पर यह खूनी वारदात हुई, वहां अभी भी दहशत और खून के निशान देखे जा सकते हैं।
Also Read: Pahalgam Terror Attack: पहलगाम पहुंची NIA की टीम, गृह मंत्री अमित शाह ने मृतकों को…

