चिल्लाकर मांगी मदद… T20 WC 2026 में पाक खिलाड़ी पर महिला स्टाफ से बदसलूकी का आरोप, जांच की आहट
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 मैदान पर ही नहीं, मैदान के बाहर भी विवादों में रहा।
टूर्नामेंट में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद जहां खिलाड़ियों की कड़ी आलोचना हो रही है, वहीं अब टीम होटल से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है।
श्रीलंका में खेले गए मुकाबलों के दौरान एक पाक खिलाड़ी पर होटल की महिला स्टाफ के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगा है।
होटल में हुई कथित घटना
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह घटना श्रीलंका के कैंडी स्थित गोल्डन क्राउन होटल में हुई, जहां पाकिस्तान टीम ठहरी हुई थी।
आरोप है कि टीम के एक खिलाड़ी ने महिला हाउसकीपिंग स्टाफ के साथ अनुचित व्यवहार किया। स्थिति तब बिगड़ी जब महिला कर्मचारी ने चिल्लाकर मदद मांगी, जिसके बाद होटल स्टाफ मौके पर पहुंचा और मामला सामने आया।
टीम मैनेजर ने लगाया जुर्माना
होटल प्रबंधन की शिकायत पर पाकिस्तान टीम के मैनेजर नवीद चीमा ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित खिलाड़ी पर जुर्माना लगाया और होटल प्रशासन से औपचारिक माफी भी मांगी। हालांकि, इस मामले को यहीं समाप्त नहीं माना जा रहा है।

PCB की डिसिप्लिनरी कमेटी के सामने पेशी संभव
सूत्रों के मुताबिक, मामले की जानकारी Pakistan Cricket Board तक पहुंच चुकी है।
संभावना है कि संबंधित खिलाड़ी को पीसीबी की अनुशासनात्मक समिति के सामने पेश किया जाए, जहां आगे की कार्रवाई तय हो सकती है। फिलहाल खिलाड़ी की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
मैच से पहले सामने आया मामला
बताया जा रहा है कि यह घटना पाकिस्तान के आखिरी सुपर-8 मुकाबले के आसपास घटी, जिसमें टीम ने श्रीलंका को पांच रन से हराया था।
हालांकि, इस जीत के बावजूद खराब नेट रन रेट के कारण पाकिस्तान सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सका।
पहले भी उठ चुके हैं सवाल
यह पहला मौका नहीं है जब पाकिस्तान टीम किसी विदेशी दौरे पर अनुशासन से जुड़े आरोपों में घिरी हो।
इससे पहले भी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के व्यवहार को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं। ऐसे में यह मामला एक बार फिर टीम की छवि और प्रबंधन पर सवाल खड़े कर रहा है।

