पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर किए हवाई हमले, काबुल का दावा- मारे गए मासूम

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव उस वक्त बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गया, जब पाकिस्तानी वायुसेना ने सीमा पार अफगानिस्तान के नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में बमबारी की। जहां अफगानिस्तान ने इसे आम नागरिकों पर हमला बताया है, वहीं पाकिस्तान का कहना है कि उसने अपने देश में हुए आत्मघाती हमलों का बदला लेने के लिए आतंकियों के अड्डों को निशाना बनाया है।

अफगानिस्तान का आरोप, महिलाओं और बच्चों की हुई मौत

तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि पाकिस्तान ने रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया है। इस बमबारी में महिलाओं और बच्चों समेत दर्जनों आम नागरिक हताहत हुए हैं। अफगानिस्तान ने इसे अपनी संप्रभुता का उल्लंघन करार दिया है।

दूसरी ओर, पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने साफ किया कि यह एक इंटेलिजेंस बेस्ड ऑपरेशन था। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती इलाकों में ‘पाकिस्तानी तालिबान’ (TTP) और उनके सहयोगियों के 7 ठिकानों को निशाना बनाया गया।

पाकिस्तान का दावा है कि ये वही समूह हैं जिन्होंने हाल ही में इस्लामाबाद की एक मस्जिद में भीषण धमाका किया था, जिसमें 31 बेगुनाह मारे गए थे। पाकिस्तानी सेना का कहना है कि उन्होंने तालिबान शासन से कई बार आतंकियों पर लगाम लगाने को कहा, लेकिन जब वहां से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए यह कदम उठाना पड़ा।

Also Read: ओडिशा में ट्रक और बोलेरो में टक्कर, ड्यूटी पर लौट रहे 5 पुलिसकर्मियों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.