डोभाल के ऑपरेशन सिंदूर वाले बयान से तिलमिलाया पाकिस्तान, अंतरराष्ट्रीय नियमों की दी दुहाई

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल के एक सनसनीखेज बयान से पाकिस्तान बुरी तरह बौखला गया है। डोभाल ने शुक्रवार को पहली बार सार्वजनिक रूप से खुलासा किया कि भारत ने पाकिस्तान के भीतर स्थित नौ आतंकी ठिकानों को बेहद सटीकता से निशाना बनाया था। उन्होंने बताया कि यह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ सिर्फ 23 मिनट में पूरा हुआ और इसमें जरा सी भी चूक नहीं हुई, क्योंकि यह पूरी तरह खुफिया जानकारी पर आधारित था।

डोभाल ने दी थी चुनौती, पाकिस्तान पर झूठा प्रचार का आरोप

एनएसए डोभाल ने विदेशी मीडिया को चुनौती देते हुए कहा था, अगर भारत को कोई नुकसान हुआ है, तो एक भी फोटो, एक भी सैटेलाइट इमेज दिखा दें। यहां तक कि एक शीशा भी टूटा हो तो बताएं। हम जानते थे कौन कहां है और हमने उसी जगह को निशाना बनाया। हमसे कोई चूक नहीं हुई।

डोभाल के इस सीधे और बेबाक बयान के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मच गया। शनिवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और डोभाल के बयान को ‘तोड़फोड़ और झूठ से भरा हुआ’ बताया। पाकिस्तान ने भारत पर अपनी संप्रभुता का उल्लंघन करने और अंतरराष्ट्रीय कानूनों की धज्जियां उड़ाने का गंभीर आरोप भी लगाया।

पाकिस्तान बोला- भारत का दावा संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता शफकत अली खान ने कहा, डोभाल का बयान जानबूझकर किया गया झूठा प्रचार है। यह जिम्मेदार कूटनीति के सभी मानकों का उल्लंघन है। भारत का इस तरह सैन्य हमले पर घमंड करना संयुक्त राष्ट्र चार्टर का गंभीर उल्लंघन है। पाकिस्तान ने यह भी आरोप लगाया कि भारत ने जिन ठिकानों को आतंकी ठिकाने बताया, वे दरअसल आम नागरिकों के इलाके थे और उन हमलों में नागरिकों की मौतें भी हुईं। शफकत अली खान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वे इस मामले को गंभीरता से लें, चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस पर लगाम नहीं लगाई गई, तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

Also Read: पीएम मोदी ने 16वें रोजगार मेले में 51,000 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- आप राष्ट्र निर्माण के सिपाही हैं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.