इमरान खान को जेल से अस्पताल में शिफ्ट करने की तैयारी, पीटीआई ने जताई जान का खतरा
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मुश्किलें खत्म होने के बजाय और पेचीदा होती जा रही हैं। उनकी पार्टी, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने गंभीर आरोप लगाया है कि प्रशासन इमरान खान को उनके परिवार को बताए बिना चुपके से जेल से अस्पताल शिफ्ट करने की योजना बना रहा है। पार्टी ने इसे मानवाधिकारों का उल्लंघन बताते हुए इमरान खान की जान को खतरा होने की आशंका जताई है।
मीडिया रिपोर्ट्स और पार्टी के बयानों के मुताबिक, इमरान खान कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। सबसे ज्यादा चिंता उनकी दाहिनी आंख को लेकर है, जिसके बारे में दावा किया जा रहा है कि उसकी रोशनी चली गई है। इसी को देखते हुए गुरुवार को पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने भी अधिकारियों को निर्देश दिया था कि एक विशेष मेडिकल बोर्ड बनाकर खान की आंखों की जांच कराई जाए।
पीटीआई ने एक कड़ा बयान जारी करते हुए कहा है कि इमरान खान की सेहत को लेकर किसी भी तरह का “सीक्रेट ऑपरेशन” बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी की मांगें स्पष्ट हैं कि कोई भी मेडिकल चेकअप या इलाज उनके निजी डॉक्टरों की मौजूदगी में हो। अस्पताल शिफ्ट करने या इलाज के दौरान परिवार के कम से कम एक सदस्य का साथ होना अनिवार्य है। जेल नियमों के तहत परिवार को हर कदम की जानकारी पहले दी जाए।
संसद से सड़क तक विरोध प्रदर्शन
इमरान खान की बिगड़ती सेहत के मुद्दे पर शुक्रवार को पाकिस्तान में विपक्षी गठबंधन (TTAP) ने संसद के बाहर धरना दिया। समर्थकों का कहना है कि यह विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक खान को सही इलाज के लिए अल-शिफा अस्पताल में भर्ती नहीं कराया जाता। पार्टी ने इसे अमानवीय व्यवहार करार देते हुए कहा है कि सच छिपाना इमरान खान की जान को जानबूझकर जोखिम में डालने जैसा है।
Also Read: नसीमुद्दीन सिद्दीकी समेत कई दिग्गजों ने थामा सपा का हाथ, अखिलेश की मौजूदगी में ली सदस्यता

