ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तबाह हुए भोलारी एयरबेस को फिर से तैयार करने में जुटा पाकिस्तान

Sandesh Wahak Digital Desk: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना के हमले में तबाह हुए पाकिस्तान (Pakistan) के भोलारी एयरबेस को अब पाकिस्तान एयर फोर्स फिर से तैयार करने में जुट गई है। पाक एयर फोर्स इस एयरबेस पर स्थित एक हैंगर की मरम्मत के शुरुआती चरण में है। मरम्मत के लिए हैंगर की छत को पूरी तरह हटाकर दोबारा बनाया जा रहा है। सैटेलाइट तस्वीरों से इस बात की पुष्टि हुई है कि हैंगर पर मरम्मत का काम शुरू हो चुका है। ऑपरेशन सिंदूर के आखिरी दिन 10 मई 2025 को भारतीय वायु सेना ने इस एयरबेस के हैंगर पर हमला किया था। इस हमले में पाकिस्तान एयर फोर्स का एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल विमान नष्ट हो गया था। इसके कुछ ही घंटे बाद दोनों देशों के बीच युद्धविराम हो गया था।

सैटेलाइट तस्वीरों से सामने आई जानकारी

एक रिपोर्ट के अनुसार वैंटोर ने 28 जनवरी को इस एयरबेस की सैटेलाइट तस्वीरें ली थीं। इन तस्वीरों में हैंगर की क्षतिग्रस्त छत के कुछ हिस्से हटे हुए दिखाई दे रहे हैं। यह इस बात का संकेत है कि पुनर्निर्माण का काम शुरू हो चुका है। मरम्मत के कार्य में नई छत तैयार करना, संरचना को मजबूत करना और मलबे की सफाई शामिल है। खास तौर पर छत को पूरी तरह हटाकर दोबारा तैयार किया जा रहा है।

भोलारी एयरबेस के हैंगर पर 10 मई 2025 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच हमला किया गया था। भारतीय वायुसेना ने यह हमला पाकिस्तान (Pakistan) की ओर से बड़े पैमाने पर ड्रोन घुसपैठ और भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिशों के जवाब में किया था। इससे पहले भारतीय वायु सेना ने 9 मई की रात से हमले शुरू कर दिए थे और पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था।

कई सैन्य ठिकानों पर किए गए थे हमले

भारतीय वायु सेना ने 10 मई को सुबह 2 बजे से 5 बजे के बीच चकलाल, रावली, रफीकी, रहीम यार खान, सुक्कुर, मुरीद और नयाचोर में पाक सेना के ठिकानों पर हमला किया था। इसके बाद सरगोधा, भोलारी और जैकोबाबाद को निशाना बनाया गया था। इन हमलों में पाकिस्तान को भारी नुकसान हुआ था।

भारतीय एयर फोर्स के हमले में भोलारी एयरबेस पर पाकिस्तान (Pakistan) को भारी क्षति पहुंची थी। यहां उसका इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस विमान या एयरबोर्न अर्ली वार्निंग विमान नष्ट हो गया था। सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने भी भोलारी पर हमले में पाकिस्तान एयर फोर्स के पांच कर्मियों और एक अधिकारी की मौत की पुष्टि की थी।

 

Also Read: “जिस नंदलाल के 26 फॉर्म पर साइन हैं, वह अंगूठा लगाता है”, Akhilesh Yadav ने बोला चुनाव आयोग पर हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.