भारत की नई जल योजना से पाकिस्तान बेचैन, क्या है Chenab Beas Link का नया विवाद?

Chenab Beas Link Project: भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर जल विवाद चर्चा में आ गया है। पाकिस्तान ने आरोप लगाया है कि भारत की प्रस्तावित Chenab Beas Link Project सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) का उल्लंघन कर सकती है। पाकिस्तान का दावा है कि भारत चिनाब नदी के पानी को सुरंग के जरिए ब्यास नदी में स्थानांतरित करने की योजना पर काम कर रहा है, जिससे जल बंटवारे को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भारत द्वारा चिनाब नदी का पानी ब्यास प्रणाली की ओर मोड़ने की योजना अंतरराष्ट्रीय जल कानूनों और सिंधु जल संधि की भावना के खिलाफ है। उनका कहना है कि इस परियोजना के तहत हर साल बड़ी मात्रा में पानी स्थानांतरित करने की योजना बनाई जा रही है।

क्या है Chenab Beas Link विवाद?

भारत की नई जल योजना से पाकिस्तान बेचैन, क्या है Chenab Beas Link का नया विवाद?

1960 में विश्व बैंक की मध्यस्थता से हुई सिंधु जल संधि के तहत भारत को रावी, ब्यास और सतलुज नदियों पर अधिकार मिला था, जबकि पाकिस्तान को सिंधु, झेलम और चिनाब नदियों के अधिकांश जल उपयोग का अधिकार दिया गया था। अब पाकिस्तान का आरोप है कि यदि भारत चिनाब का पानी ब्यास नदी की ओर मोड़ता है तो यह संधि की मूल व्यवस्था को प्रभावित करेगा।

हालांकि भारत की ओर से इस विषय पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पाकिस्तान का दावा है कि उसे परियोजना से संबंधित सार्वजनिक निविदा दस्तावेजों की जानकारी मिली है, लेकिन भारत ने इस संबंध में कोई औपचारिक सूचना या परामर्श नहीं दिया।

सलाल बांध को लेकर भी उठे सवाल

पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित सलाल जलविद्युत परियोजना को लेकर भी आपत्ति जताई है। पाकिस्तान का कहना है कि बांध से गाद निकालने की प्रक्रिया को लेकर भी उसे पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई। हाल ही में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में प्रशासन ने चिनाब नदी में संभावित जल प्रवाह बढ़ने को देखते हुए अलर्ट भी जारी किया था।

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत द्वारा सिंधु जल संधि को स्थगित करने के बाद दोनों देशों के बीच जल संसाधनों को लेकर संवेदनशीलता और बढ़ गई है। ऐसे में चिनाब-ब्यास लिंक परियोजना पर उठे सवाल आने वाले दिनों में दोनों देशों के रिश्तों में एक नया विवाद खड़ा कर सकते हैं।

फिलहाल पाकिस्तान लगातार इस मुद्दे (Chenab Beas Link Project) को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने की कोशिश कर रहा है, जबकि भारत की ओर से आधिकारिक स्थिति का इंतजार किया जा रहा है।

Also Read: Trump को अपनी ही संसद में झटका, ईरान युद्ध रोकने का प्रस्ताव पास

Get real time updates directly on you device, subscribe now.