पाकिस्तान ने फिर किया अफगानिस्तान पर हवाई हमला, 9 बच्चों समेत 10 मरे

Sandesh Wahak Digital Desk: अफगानिस्तान के प्रवक्ता जबीउल्लाह के अनुसार पाकिस्तान ने रात के समय अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों पर हवाई हमले किए। जब लोग अपने घरों में सो रहे थे, तभी लगभग रात 12 बजे यह हमला हुआ। इन हमलों में 9 बच्चों समेत कुल 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 नागरिक घायल बताए गए हैं। हवाई हमले खोस्त और कुनर-पक्तिका क्षेत्रों में किए गए, जहां जानमाल का भारी नुकसान हुआ है।

पाकिस्तान–अफगानिस्तान में बढ़ता तनाव

दरअसल इन दोनों देशों के बीच तनाव लंबे समय से जारी है। इसी साल अक्टूबर में भी पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सीमा क्षेत्रों में बमबारी की थी, जिसमें 3 अफगानी क्रिकेटरों की मौत हुई थी। अफगानिस्तान ने आरोप लगाया था कि इन हमलों में आम नागरिकों और बच्चों की भी जान गई थी। काबुल में बमबारी के बाद अफगानिस्तान ने पलटवार भी किया था। दोनों पक्षों ने सीजफायर को लेकर बातचीत की, लेकिन पाकिस्तान की कार्रवाई अब भी जारी है।

हमले की वजह क्या बताता है पाकिस्तान?

पाकिस्तान का आरोप है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को अफगानिस्तान की भूमि से समर्थन मिलता है। पाकिस्तान का दावा है कि अफगानिस्तान TTP आतंकवादियों को पनाह देता है, जबकि अफगान सरकार इन आरोपों का खंडन करती आई है। अफगानिस्तान का कहना है कि उसकी जमीन का इस्तेमाल किसी भी देश के खिलाफ नहीं किया जा रहा।

वहीं पाकिस्तान के बनने के तुरंत बाद से ही दोनों देशों के बीच टकराव देखने को मिला। 1949 में आजाद पश्तूनिस्तान की मांग को लेकर पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के आदिवासी इलाकों पर बमबारी की थी। 1949 से 1950 के बीच सीमा पर कई झड़पें हुईं, जिनका असर द्विपक्षीय संबंधों पर पड़ा। बाद में अमेरिका ने हस्तक्षेप किया और अफगानिस्तान पर पाकिस्तान और ईरान से घनिष्ठ संबंध बनाने का दबाव डाला गया। इसके बाद अफगानिस्तान पर सोवियत संघ का कब्जा हुआ, और उस दौरान भी सीमा पर कई संघर्ष हुए, हालांकि उनकी रिपोर्टिंग कम हुई।

 

Also Read: अयोध्या में राम मंदिर पर ध्वजारोहण की तैयारियां पूरी, CM योगी बोले- राष्ट्र आज राममय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.