उत्तरी अरब सागर में पाकिस्तानी नौसेना ने दागी मिसाइल
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तानी नौसेना ने सोमवार को उत्तरी अरब सागर में सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल का लाइव फायर टेस्ट किया है। इस परीक्षण के जरिए पाकिस्तान नौसेना ने देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा के अपने संकल्प को दोहराया है। जिस मिसाइल का परीक्षण किया गया है, उसका नाम FM-90(N) ER है। यह मिसाइल एक मीडियम-रेंज नेवल एयर डिफेंस सिस्टम का हिस्सा है, जिसे समुद्र में मौजूद जहाजों को हवाई खतरों से बचाने के लिए तैयार किया गया है।
झड़प के बाद हाई अलर्ट में नौसैनिक बेड़ा
दरअसल पाकिस्तान ने यह मिसाइल परीक्षण मई महीने में भारत के साथ हुई झड़प के बाद किया है। उस दौरान परमाणु हथियारों से लैस दोनों देशों के बीच मिसाइलों और तोपों से भारी गोलीबारी हुई थी। इस टकराव में बड़ी संख्या में लड़ाकू विमानों और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि यह चार दिन का संघर्ष किसी नौसैनिक झड़प में नहीं बदला, लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान की नौसेना युद्धविराम होने तक हाई अलर्ट पर बनी रही।
ISPR ने मिसाइल फायरिंग को बताया सफल
पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस ने बयान जारी कर इस टेस्ट की जानकारी दी। ISPR के अनुसार पाकिस्तान नौसेना ने उत्तरी अरब सागर में FM-90(N) ER सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल का सफलतापूर्वक लाइव वेपन फायरिंग किया। बयान में कहा गया कि फायरपावर के इस प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तान नौसेना के एक जहाज ने अत्यधिक पैंतरेबाज़ी करने वाले हवाई लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से निशाना बनाया, जिससे नौसेना की युद्ध क्षमता और ऑपरेशनल तैयारी की पुष्टि हुई। ISPR ने यह भी बताया कि कमांडर पाकिस्तान फ्लीट ने स्वयं समुद्र में मौजूद रहकर इस लाइव फायरिंग को देखा।
समुद्री सुरक्षा पर दोहराया संकल्प
यहां ISPR के अनुसार फ्लीट कमांडर ने इस अभ्यास में शामिल अधिकारियों और नाविकों की पेशेवर क्षमता की सराहना की और हर परिस्थिति में पाकिस्तान के समुद्री हितों की रक्षा करने के नौसेना के संकल्प को दोहराया। पाकिस्तान बीते कुछ महीनों से अपनी युद्ध तैयारियों पर खासा जोर दे रहा है। हाल ही में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने टैंकों और ड्रोन से जुड़े एक फील्ड ट्रेनिंग अभ्यास को देखने के लिए गुजरांवाला और सियालकोट के फ्रंटलाइन सैन्य ठिकानों का दौरा किया था, जो भारतीय सीमा के काफी नजदीक स्थित हैं।
Also Read: बांग्लादेश में गोलीबारी के बाद भारत पर बिफरी यूनुस सरकार

