इमरान खान की आंखों का हुआ ऑपरेशन, भारी सुरक्षा के बीच अस्पताल ले जाए गए पूर्व PM
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई (PTI) के अध्यक्ष इमरान खान को मंगलवार को रावलपिंडी की अदियाला जेल से निकाल कर कड़ी सुरक्षा के बीच इस्लामाबाद के पिम्स (PIMS) अस्पताल ले जाया गया। इमरान खान की आंखों की गिरती रोशनी के इलाज के लिए सरकार ने 15 गाड़ियों का एक बड़ा काफिला तैयार किया था, जिसमें सिग्नल जैमर भी लगे हुए थे।
डॉक्टरों की एक विशेष टीम ने इमरान खान की आंखों का इलाज किया। उन्हें इंट्राविट्रियल एंटी-वीईजीएफ (Anti-VEGF) इंजेक्शन लगाया गया। यह एक खास थेरेपी है जिसका इस्तेमाल रेटिना की बीमारियों को ठीक करने और आंखों की रोशनी बचाने के लिए किया जाता है। अस्पताल के बयान के मुताबिक, आई स्पेशलिस्ट के अलावा कार्डियोलॉजी और इंटरनल मेडिसिन के डॉक्टरों ने भी उनकी जांच की। जांच के बाद बताया गया कि उनका दिल और बाकी अंग बिल्कुल ठीक (स्टेबल) हैं।
इमरान खान की सेहत का मुद्दा तब ज्यादा गरमाया जब उनके बेटे कासिम खान ने आरोप लगाया कि जेल में सही इलाज न मिलने और अकेलेपन की वजह से उनके पिता की दाहिनी आंख लगभग अंधी हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी आंखों की रोशनी अब सिर्फ 15 प्रतिशत ही बची है। पीटीआई के नेताओं का आरोप है कि जेल प्रशासन उनके साथ बुरा बर्ताव कर रहा है, हालांकि सरकार इन दावों को गलत बताती है।
Also Read: अमेठी: विधायक सुरेश पासी ने ‘महोना-जैनबगंज-किशनी’ मार्ग के चौड़ीकरण का किया भूमि पूजन

