पाकिस्तान से फिर उगला जहर, लश्कर आतंकी अब्दुल रऊफ ने दी भारत को खुली धमकी

Sandesh Wahak DIgital Desk: पाकिस्तान की सरज़मीं से एक बार फिर भारत के खिलाफ नफरत और हिंसा फैलाने की मंसूबों का खुलासा हुआ है। लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी और हाफिज सईद का करीबी माने जाने वाला अब्दुल रऊफ (Abdul Rauf) एक कार्यक्रम में खुलेआम भारत विरोधी बयान देता दिखाई दिया। उसका वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि रऊफ न सिर्फ कश्मीर में बल्कि पूरे भारत में हिंसा फैलाने की धमकी दे रहा है।

कश्मीर पर जोरदार हमले की धमकी

OsintTV द्वारा शेयर किए गए वीडियो में रऊफ यह दावा करता सुनाई देता है कि कश्मीर की लड़ाई खत्म नहीं हुई है और आने वाले वक्त में पहले से कहीं ज्यादा बड़े स्तर पर हमला किया जाएगा। उसका कहना है कि कश्मीर की लड़ाई को किसी हाल में अधूरा नहीं छोड़ा जाएगा। इस प्रकार की बयानबाज़ी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के इरादों को एक बार फिर उजागर करती है, जो भारत में शांति को भंग करने के लिए लगातार सक्रिय रहा है।

दिल्ली जीतने का भ्रामक दावा

वीडियो में रऊफ अमीर मक्की उर्फ अब्दुल रहमान मक्की का हवाला देते हुए दावा करता है कि लश्कर एक दिन दिल्ली पर कब्ज़ा कर लेगा। हालांकि इस बयान का समय स्पष्ट नहीं है, मगर उसकी भाषा और तेवर यह साफ करते हैं कि वह अपनी आतंकी विचारधारा को बढ़ावा देने और समर्थकों को भड़काने की कोशिश कर रहा है। वह यह भी कहता दिखाई देता है कि गजवा-ए-हिंद ही उनका अंतिम लक्ष्य है और वे पूरे भारत में अपना झंडा फहराएंगे।

अपने बयान में रऊफ यह भी कहता है कि दुनिया में इस्लाम का परचम लहराने के लिए वे एकजुट होकर लड़ेंगे और यदि सभी मुसलमान एक साथ आ जाएं तो कोई उन्हें नहीं रोक सकता। उसके इस बयान में आतंक फैलाने की स्पष्ट मानसिकता झलकती है, जिसका उद्देश्य भारत के भीतर अस्थिरता पैदा करना है।

राफेल और S-400 को लेकर दावे

रऊफ भारत की सैन्य ताकत पर सवाल उठाते हुए दावा करता है कि राफेल जेट, S-400 एयर डिफेंस और अन्य अत्याधुनिक सिस्टम पाकिस्तान के सामने कुछ भी नहीं हैं। वह कहता है कि 7 से 10 मई के बीच पाकिस्तान ने भारत को परास्त किया और अब भारत 50 साल तक हमला करने की हिम्मत नहीं करेगा। उसने यह भी जोड़ा कि पाकिस्तान 58 इस्लामिक देशों में अकेली न्यूक्लियर पावर है और दुनिया उसकी ताकत देख चुकी है।

भारत विरोधी बयानबाज़ी से बढ़ी चिंता

अब्दुल रऊफ का यह वीडियो एक बार फिर दर्शाता है कि पाकिस्तान में बैठे आतंकी और उनसे जुड़े संगठन भारत के खिलाफ घृणा और हिंसा फैलाने के लिए लगातार सक्रिय हैं। उनकी भाषा और दावे भले ही झूठ और दुष्प्रचार पर आधारित हों, लेकिन ऐसे बयानों से यह साफ संकेत मिलता है कि भारत को आतंकी गतिविधियों के प्रति चौकस और कठोर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की जरूरत है।

 

Also Read: बाराबंकी में किसान पाठशाला का उद्घाटन, सीएम योगी बोले- नवाचार से बढ़ेगी आय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.