पाकिस्तान में शादी समारोह में आत्मघाती हमला, 6 की मौत, शांति समिति के प्रमुख थे आतंकियों के निशाने पर

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के अशांत प्रांत खैबर पख्तूनख्वा (KP) में शुक्रवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हुए फिदायीन हमले ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस आत्मघाती हमले में कम से कम 6 लोगों की जान चली गई और 10 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह हमला डेरा इस्माइल खान जिले में अमन (शांति) समिति के प्रमुख नूर आलम महसूद के घर पर हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नूर आलम महसूद के घर पर शादी का कार्यक्रम चल रहा था और मेहमान खुशियां मना रहे थे, तभी एक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के तुरंत बाद हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग भी की, जिससे वहां भगदड़ मच गई। इस हमले में नूर आलम महसूद भी घायल हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया है।

महज 17 साल का था हमलावर

जांच एजेंसियों और फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल से आत्मघाती हमलावर का कटा हुआ सिर मिला है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर की उम्र महज 17 साल के आसपास थी। पुलिस अब इस किशोर हमलावर के पीछे के नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि मास्टरमाइंड तक पहुंचा जा सके।

यह पहली बार नहीं है जब नूर आलम महसूद को निशाना बनाया गया हो। साल 2022 में भी दो आत्मघाती हमलावरों ने उनके ऑफिस पर हमला करने की कोशिश की थी, जिसे नाकाम कर दिया गया था।

Also Read: मुंबई में DRI ने पकड़ी मीट ग्राइंडर वाली तस्करी, 2.89 करोड़ का गोल्ड जब्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.