पाकिस्तान में बड़ा आतंकी हमला, DSP समेत 7 पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान का खैबर पख्तूनख्वा प्रांत एक बार फिर खून से लाल हो गया है। मंगलवार को कोहाट जिले के लाची इलाके में हथियारबंद हमलावरों ने पुलिस के एक काफिले पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस भीषण हमले में डीएसपी (DSP) समेत कुल सात पुलिसकर्मी मारे गए हैं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावरों ने लाची के डीएसपी के वाहन को उस समय घेरा जब वह शकरदरा रोड से गुजर रहे थे। आतंकियों ने घात लगाकर जबरदस्त गोलीबारी की, जिसमें डीएसपी और उनके दो सुरक्षाकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। बैकअप के लिए पहुंची पुलिस की अन्य टुकड़ियों के साथ भी झड़प हुई, जिसके बाद कुल मृतकों की संख्या सात तक पहुंच गई है।

घटना के तुरंत बाद भारी पुलिस बल ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। हमलावरों को पकड़ने के लिए जंगलों और आसपास के इलाकों में बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। केपी के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे ‘कायरतापूर्ण आतंकी हमला’ बताया है। उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि दक्षिणी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।

Also Read: इमरान खान की आंखों का हुआ ऑपरेशन, भारी सुरक्षा के बीच अस्पताल ले जाए गए पूर्व PM

Get real time updates directly on you device, subscribe now.