बकरीद के बाद नासिक में लहराया गया फिलिस्तीनी झंडा, पुलिस ने शुरू की जांच

Sandesh Wahak Digital Desk: बकरीद के पावन मौके पर महाराष्ट्र के नासिक से एक विवादित मामला सामने आया है। यहां ईदगाह मैदान में नमाज के बाद किसी ने फिलिस्तीनी झंडा फहरा दिया, जिससे प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदार व्यक्ति की तलाश जारी है।

वरिष्ठ अफसरों की मौजूदगी में लहराया गया झंडा

जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नमाज के बाद लोगों को ईद की मुबारकबाद देकर वहां से लौट रहे थे। मौके पर पुलिस बल की तैनाती के बावजूद इस तरह का झंडा फहराया जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

खंगाले जा रहे वीडियो फुटेज

फिलहाल झंडा फहराने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। नासिक पुलिस ने मौक़े पर मौजूद वीडियो फुटेज और तस्वीरों को खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हरकत धार्मिक आयोजन की आड़ में की गई है और इसे गंभीरता से लिया जा रहा है।

सख्त कार्रवाई की चेतावनी

पुलिस ने साफ कर दिया है कि इस तरह की गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच के बाद जो भी व्यक्ति या समूह इसके पीछे होगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की शांति की अपील

इस मामले को लेकर स्थानीय प्रशासन ने जनता से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह से दूर रहने की अपील की है। साथ ही सोशल मीडिया पर भी भड़काऊ या भ्रम फैलाने वाली पोस्ट न करने की चेतावनी दी गई है।

ईद के दिन पूरे देश में अमन-चैन

इससे पहले शनिवार को देशभर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। मस्जिदों और ईदगाहों में विशेष नमाज अदा की गई, लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में अमन, शांति और समृद्धि की दुआ मांगी।

Also Read: कोलंबिया में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को प्रचार कार्यक्रम के दौरान मारी गोली, हालत गंभीर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.