लखनऊ में संगीत और कॉमेडी का डबल डोज, पंचम धारा म्यूजिकल नाइट और द क्लाउन-विदूषक नाटक का होगा मंचन

Lucknow News: संगीत और नाट्य प्रेमियों के लिए लखनऊ में एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है। अपनी स्थापना के 35वें वर्ष के अवसर पर भारतीयम् संस्था, शिवांजना स्टूडियो के सहयोग से, आगामी 19 नवंबर और 20 नवंबर को गोमती नगर स्थित संत गाडगे जी महाराज ऑडिटोरियम में दो दिवसीय संगीत और नाटक समारोह का आयोजन कर रही है।

बुधवार को महानगर के द गोल्डन एप्पल में आयोजित एक ‘पोस्टर रिलीज़ सेरेमनी’ में भारतीयम्-शिवांजना स्टूडियो के प्रमुख राजीव रंजन सिंह ने कार्यक्रम की घोषणा की।

19 नवंबर: पंचम दा को समर्पित पंचम धारा

समारोह के पहले दिन, 19 नवंबर को, शिवांजना म्यूजिक की विधिवत लॉन्चिंग की जाएगी। इसी अवसर पर बॉलीवुड के विश्वविख्यात संगीतकार आरडी बर्मन (पंचम दा) को समर्पित भव्य संगीत समारोह ‘पंचम धारा’ का आयोजन किया जा रहा है। वर्ष 1984 से स्थापित सुपरिचित नाम ‘वायलॅट द म्यूजिकल बैंड’ के कलाकार इस शाम को सजाएंगे। मुम्बई से मशहूर हमर, जॉन टी. हंट को आमंत्रित किया गया है, जिन्होंने आरडी बर्मन और जतिन ललित के कई गानों को अपनी बेहतरीन हमिंग से संवारा है।

राजीव रंजन सिंह ने बताया कि इसका मकसद रीमिक्स के दौर में महान संगीतकारों की ओरिजनल मेलोडी को नई पीढ़ी तक पहुँचाना और भारतीय फिल्म संगीत की स्वर्णिम विरासत को संरक्षित करना है। राजीव रंजन ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि हर साल कम से कम चार ऐसे ग्रांड म्यूजिकल नाइट किए जाएँ, जो किसी न किसी स्थापित बॉलीवुड संगीतज्ञ को समर्पित हों।

Bharatiyam Shivanjana Studio Lucknow

20 नवंबर: चार्ली चैपलिन पर आधारित ‘द क्लाउन-विदूषक’

संगीत समारोह के बाद, 20 नवंबर को वरिष्ठ रंग निर्देशक पुनीत अस्थाना के निर्देशन में हास्य नाटक द क्लाउन-विदूषक का मंचन किया जाएगा। यह नाट्य प्रस्तुति वरिष्ठ हास्य अभिनेता चार्ली चैपलिन को समर्पित की जा रही है। यह नाटक लोगों को संदेश देगा कि सुख पैसों में नहीं, बल्कि दूसरों को खुश करने में और प्यार कुर्बानी में झलकता है। नाटक का विदूषक नायक लोगों को हँसाने के साथ-साथ जीवन का सच्चा मकसद भी सिखा जाएगा।

मंच पर भीलाराम की भूमिका में केशव पंडित और राजबहादुर की भूमिका में स्वयं राजीव रंजन सिंह नज़र आएंगे, वहीं अंबरीश बॉबी की गेस्ट अपीयरेंस होगी। इस अवसर पर सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी, लेखक, नाटककार और निर्देशक पद्मश्री डीपी सिन्हा और वरिष्ठ रंगकर्मी पद्मश्री राज बिसारिया को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।

अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएँ

नवांकुरों को मंच: शिवांजना स्टूडियो संगीत के प्रतिभावान कलाकारों को मंच प्रदान करेगा और शिवांजना म्यूजिक यू-ट्यूब चैनल के माध्यम से उन्हें वैश्विक स्तर पर पहुँचाएगा।

टिकट और समय: 19 और 20 नवंबर के ये दोनों आयोजन शाम सात बजे से शुरू होंगे, जिनके टिकट बुक माई शो पर उपलब्ध हैं।

शूटिंग डेस्टिनेशन: राजीव रंजन ने यह भी बताया कि जल्द ही शिवांजना स्टूडियो की ओर से चिनहट क्षेत्र में एक शूटिंग डेस्टिनेशन की सुविधा भी उपलब्ध होने लगेगी, जहाँ सभी प्रकार की शूटिंग की जा सकेंगी।

Also Read: बलिया: तेज रफ्तार बोलेरो पेड़ से टकराई, पार्टी मनाकर लौट रहे तीन दोस्तों की मौत; दो गंभीर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.