मुंबई में धमकी भरे ईमेल से हड़कंप, निशाने पर स्कूल और BMC, अमिताभ बच्चन-दिलजीत दोसांझ का भी जिक्र
Mumbai Threat Email: मुंबई के एक प्रतिष्ठित अमेरिकी स्कूल और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को धमकी भरे ईमेल मिलने की खबर से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
एक ईमेल में अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ समेत कई चर्चित हस्तियों के नामों का भी जिक्र किया गया है।
हालांकि, पुलिस के मुताबिक अमिताभ बच्चन को सीधे तौर पर कोई धमकी भरा ईमेल नहीं मिला है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, स्कूल को भेजे गए ईमेल में ग्रेनेड हमले की धमकी दी गई है। इसमें पंजाब से जुड़े एक संवेदनशील मुद्दे का भी उल्लेख बताया जा रहा है।
ईमेल मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने मुंबई पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल और बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) पुलिस इसकी जांच कर रही है।
जांच टीम ईमेल के आईपी एड्रेस और सर्वर से जुड़ी जानकारी जुटा रही है, ताकि संदेश भेजने वाले की पहचान की जा सके।
BMC को भी मिला धमकी भरा मेल
इस बीच BMC को भी धमकी भरा ईमेल मिलने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती आशंका है कि इन संदेशों के जरिए शहर में दहशत फैलाने की कोशिश की गई हो सकती है।
हालांकि, धमकी फर्जी है या वास्तविक, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल, पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की गंभीरता को लेकर आधिकारिक निष्कर्ष सामने आना बाकी है।
Also Read: प्रभास पर मेकर्स ने लगाया 2,000 करोड़ रुपये का दांव, 4 बड़ी फिल्मों की रिलीज पर आया अपडेट

