पंकज त्रिपाठी की बेटी आशी ने थिएटर प्ले लैलाज से की फिल्मी दुनिया में एंट्री
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता पंकज त्रिपाठी, जिन्होंने अपनी दमदार एक्टिंग से ‘मिर्ज़ापुर’ से लेकर ‘स्त्री’ तक हर जगह अपनी छाप छोड़ी है, के घर इन दिनों जश्न का माहौल है। उनकी बेटी आशी त्रिपाठी ने हाल ही में थिएटर प्ले ‘लैलाज’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा है।
यह प्ले आशी के लिए ही नहीं, बल्कि पंकज त्रिपाठी और उनकी पत्नी मृदुला के नए थिएटर बैनर ‘रूपकथा रंगमंच’ का भी पहला प्ले है, जिससे यह उनके परिवार के लिए और भी खास बन गया है।
बेटी के डेब्यू पर गर्वित हैं पंकज त्रिपाठी
हाल ही में मुंबई में आशी के शो को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पंकज त्रिपाठी ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि उन्होंने आशी का शो एक पिता के तौर पर नहीं, बल्कि एक एक्टर के तौर पर देखा, और वह आशी के अभिनय से बेहद खुश हैं।
पंकज त्रिपाठी ने अपनी बेटी की एक्टिंग स्किल्स की तारीफ करते हुए कहा, उसने यह बहुत ही अच्छे से किया। तीसरे शो तक, मुझे उसमें सुधार नज़र आया। उसे अभिनय करते देखकर मुझे लगा कि वह मुझसे बहुत ज्यादा तेज है। उसने सिर्फ तीन शो में ही यह चमत्कार कर दिखाया है। उन्होंने यह भी कहा कि आज की पीढ़ी चीजें बहुत तेजी से सीख लेती है, हालाँकि उनकी चुनौतियाँ भी पहले से कहीं ज्यादा कठिन हैं।
उसे अपना रास्ता चुनने की आजादी है
पंकज त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि वह आशी पर अभिनय को पूर्णकालिक करियर बनाने के लिए कोई दबाव नहीं डाल रहे हैं। मैं उसे अपना रास्ता खुद तलाशने दूंगा… सिर्फ मेरी बेटी को ही नहीं, मुझे लगता है कि सभी बच्चों को इसकी आजादी मिलनी चाहिए। उन्हें वो करने देना चाहिए, जो वो करना चाहते हैं। मेरा मानना है कि अगर वे असफल भी हो जाते हैं, तो इसमें कोई बड़ी बात नहीं है। आशी अभी बड़े ब्रेक के इंतजार में हैं। वह फिलहाल लाइमलाइट से दूर रहती हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं।
Also Read: Bigg Boss 19 के Finale Task में विनर की रेस और भी दिलचस्प, सामने आईं बड़ी खबरें

