पप्पू यादव 31 साल पुराने केस में गिरफ्तार, ड्रामा और हत्या की साजिश के आरोपों के बीच हुई कार्रवाई

Sandesh Wahak Digital Desk: पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात पटना पुलिस ने उनके मंदिरी स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी किसी नए मामले में नहीं, बल्कि 1995 के एक बेहद पुराने मुकदमे में कोर्ट द्वारा जारी किए गए वारंट के आधार पर हुई है। गिरफ्तारी के दौरान जो मंजर दिखा, वह किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था।

रात करीब 10:30 बजे जब शहर सो रहा था, तब सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह की अगुवाई में भारी पुलिस बल ने पप्पू यादव के घर की घेराबंदी कर दी। टीम में 5 डीएसपी, 6 थानेदार और करीब 100 से ज्यादा जवान शामिल थे। पुलिस की इस भारी तादाद को देख सांसद के समर्थकों और परिवार के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। पुलिस और पप्पू यादव के बीच करीब तीन घंटे तक तीखी बहस चली।

गिरफ्तारी का विरोध करते हुए पप्पू यादव ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, रात के अंधेरे में सिविल ड्रेस में पुलिस मुझे बिना वारंट दिखाए ले जाने आई है। मुझे डर है कि यह मेरी हत्या की साजिश हो सकती है। अगर पुलिस को पकड़ना ही है, तो मुझे हाउस अरेस्ट कर ले, मैं इस वक्त कहीं नहीं जाऊंगा।

बेहोश हुए सांसद, उग्र हुए समर्थक

जैसे-जैसे पुलिस का दबाव बढ़ा, ड्रामा और गहराता गया। देर रात जब पुलिस उन्हें गाड़ी में बिठाने लगी, तो पप्पू यादव अचानक बेहोश हो गए। अपने नेता को इस हालत में देख समर्थक बेकाबू हो गए। कई समर्थक पुलिस की गाड़ियों के सामने लेट गए तो कुछ बोनट पर चढ़ गए। पुलिस को समर्थकों को हटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया जा सका।

पुलिस के मुताबिक, यह मामला 1995 का है जिसका ट्रायल स्पेशल कोर्ट में चल रहा है। पप्पू यादव कई तारीखों पर कोर्ट में पेश नहीं हुए थे, जिसके बाद अदालत ने उनके खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए वारंट जारी किया था। पुलिस का कहना है कि वे केवल कोर्ट के आदेश का पालन कर रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें रात में ही मेडिकल चेकअप के लिए IGIMS ले गई। शनिवार सुबह की तस्वीरों में पप्पू यादव को स्ट्रेचर पर PMCH ले जाते हुए देखा गया।

Also Read: T20 World Cup 2026: हर्षित राणा बाहर, BCCI ने किया रिप्लेसमेंट का ऐलान, टीम इंडिया में इस तेज गेंदबाज की एंट्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.