‘दो बड़े नेता और अधिकारी मेरी हत्या की साजिश रच रहे’, सुरक्षा हटने पर भड़के पप्पू यादव

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने अपनी जान को खतरा बताते हुए राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें एक महीने पहले मिली Y+ श्रेणी की सुरक्षा को अचानक हटा दिया गया है, जो एक बड़ी साजिश का हिस्सा है।

हत्या की साजिश का सीधा आरोप

सांसद पप्पू यादव ने आरोप लगाया है कि बिहार के दो बड़े नेता और दो बड़े अधिकारी मिलकर उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि “अगर मेरे साथ किसी भी प्रकार की घटना होती है, तो उसके जिम्मेदार वही दो बड़े नेता और दो बड़े अधिकारी होंगे।”

पप्पू यादव ने जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा पर सीधा निशाना साधते हुए उन्हें इस साजिश का केंद्रबिंदु बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि संजय झा उन्हें रास्ते से हटाना चाहते हैं, क्योंकि वह जानते हैं कि “मैं भाजपा नेता को किसी भी कीमत पर बिहार का मुख्यमंत्री नहीं बनने दूंगा।”

राजनीतिक साज़िश का दावा

पप्पू यादव ने संजय झा पर गंभीर राजनीतिक आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि संजय झा ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाने के लिए अपनी पार्टी को बेच दिया है। वह नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीतिक संभावनाओं का सौदा कर रहे हैं। सांसद ने दावा किया कि सीमांचल, कोसी और मिथिला क्षेत्र में भाजपा को चुनौती देने वाले वह अकेले नेता हैं, इसलिए उनके खिलाफ यह षड्यंत्र रचा जा रहा है।

अपनी जान को खतरे में बताते हुए पप्पू यादव ने सरकार और सुरक्षा एजेंसियों से अपील की है कि उनकी Y+ सुरक्षा को तुरंत बहाल किया जाए। इसके साथ ही, उन्होंने इस पूरी घटना और साजिश की गहन जांच की भी मांग की है।

Also Read: योगी कैबिनेट की अहम बैठक आज, छात्रवृत्ति पोर्टल समेत कई प्रस्तावों को मिल सकती है मंज़ूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.