बर्खास्त IAS पूजा खेडकर के माता-पिता फरार, पुलिस ने जारी किया लुकआउट सर्कुलर
Sandesh Wahak Digital Desk: बर्खास्त प्रोबेशनरी IAS पूजा खेडकर के परिवार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। नवी मुंबई पुलिस ने ट्रक हेल्पर के अपहरण मामले में पूजा खेडकर के पिता दिलीप खेडकर और उनकी मां मनोरमा खेडकर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। दोनों पिछले 9 दिनों से फरार हैं। पुलिस इस मामले में एक अज्ञात व्यक्ति की भी तलाश कर रही है। हालांकि, परिवार का ड्राइवर-कम-बॉडीगार्ड प्रफुल्ल सालुंखे पुलिस की गिरफ्त में है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस दिन रबाले पुलिस और पुणे पुलिस मनोरमा के घर जांच के लिए पहुंची थी, उसी दिन दिलीप खेडकर, मनोरमा खेडकर और उनका बॉडीगार्ड वहां से भाग गए थे। बताया जाता है कि पहले दिलीप और बॉडीगार्ड अपनी लैंड क्रूजर गाड़ी में भागे, और उसके लगभग 30 मिनट बाद मनोरमा खेडकर भी वहां से निकल गईं।
गाड़ी भी गायब
सूत्रों के मुताबिक, दिलीप खेडकर और उनका बॉडीगार्ड पुणे से अहमदनगर पहुंचे। वहां दिलीप ने बॉडीगार्ड को गाड़ी से उतरने को कहा और खुद लैंड क्रूजर लेकर कहीं गायब हो गए। पुलिस को शक है कि दिलीप ने ही गाड़ी को कहीं छुपा दिया है। नवी मुंबई पुलिस को अभी तक वह गाड़ी नहीं मिली है।
क्या है पूरा मामला
ट्रक के क्लीनर के अपहरण मामले में पुलिस ने पूजा के पिता दिलीप खेडकर के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसके अलावा, सरकारी काम में बाधा डालने और सबूत नष्ट करने के आरोप में उनकी मां मनोरमा खेडकर पर भी केस दर्ज हुआ है। जब पुलिस जांच के लिए पुणे स्थित उनके घर पहुंची, तो मनोरमा ने पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी की, गेट नहीं खोला और उन पर कुत्ते छोड़ने की भी कोशिश की थी।
Also Read: 50,000 का इनामी बदमाश अभिषेक उर्फ प्रद्युमन मुंबई से गिरफ्तार, STF को मिली बड़ी सफलता

