Pariksha Pe Charcha 2025: PM मोदी ने छात्रों को दी आत्मविश्वास और संतुलन की सीख, बोले- रोबोट नहीं…
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज “परीक्षा पे चर्चा” के 8वें संस्करण में देशभर के छात्रों से संवाद कर रहे हैं। इस बार की चर्चा बेहद खास रही, क्योंकि इसमें सद्गुरु, मैरी कॉम, दीपिका पादुकोण, अवनि लेखरा, रुजुता दिवेकर, सोनाली सभरवाल, विक्रांत मैसी, भूमि पेडनेकर, टेक्निकल गुरुजी और राधिका गुप्ता जैसी कई प्रसिद्ध हस्तियां भी शामिल हुईं।
पीएम मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इस चर्चा का एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, केरल सहित विभिन्न राज्यों से आए छात्रों को तिल-गुड़ बांटते नजर आए। वीडियो में प्रधानमंत्री हल्के-फुल्के अंदाज में हैंडराइटिंग सुधारने की सलाह, गणित जैसे कठिन विषयों से न घबराने और क्रिकेट की बल्लेबाजी की तरह आत्मविश्वास बनाए रखने की बात करते दिखे।
पढ़ाई के साथ रिलैक्सेशन भी जरूरी: पीएम मोदी
चर्चा के दौरान पीएम मोदी ने छात्रों को लिखने की आदत विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि “छात्रों को केवल किताबी कीड़ा नहीं बनना चाहिए, बल्कि ज्ञान प्राप्ति की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।” उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों पर अत्यधिक पढ़ाई का दबाव न डालें और उन्हें “खुला आसमान” दें ताकि वे अपनी पसंद की चीजों को भी कर सकें।
पीएम मोदी ने परीक्षा के तनाव को कम करने की रणनीतियों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि “दसवीं या बारहवीं में कम नंबर आने से जिंदगी खत्म नहीं होती। घर और समाज में इस धारणा को बदलना जरूरी है। तनाव से बचने के लिए छात्रों को खुद को मैनेज करना आना चाहिए। अगर वे प्रतिदिन अपने पढ़ाई के लक्ष्य निर्धारित करें, तो तनाव से बच सकते हैं।”
छात्रों को मिला मार्गदर्शन
प्रधानमंत्री के इस संवाद से छात्रों को न केवल पढ़ाई में आत्मविश्वास बढ़ाने की सीख मिली, बल्कि संतुलित जीवनशैली अपनाने का भी संदेश मिला। पीएम मोदी ने परीक्षा को एक उत्सव की तरह देखने की बात कही, ताकि छात्र इसके बोझ से मुक्त होकर आगे बढ़ सकें।
Also Read: प्रयागराज में जाम से कराह रहे लोग, अखिलेश यादव बोले- श्रद्धालु बेहाल, सरकार फेल

