Parliament Session 2026: ओम बिरला को हटाने के प्रस्ताव पर हंगामा, दोपहर 3 बजे तक लोकसभा स्थगित

Sandesh Wahak Digital Desk: संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण का पहला दिन आज बेहद गरमागरम रहा। विपक्षी दलों ने जहां एक ओर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, वहीं दूसरी ओर ईरान-इजरायल संघर्ष (पश्चिम एशिया संकट) पर सरकार की ‘चुप्पी’ को लेकर संसद परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

स्पीकर को हटाने की तैयारी, सदन में बढ़ा तनाव

लोकसभा में आज सबसे बड़ा मुद्दा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने का प्रस्ताव रहा। कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद, के. सुरेश और मल्लू रवि ने इस प्रस्ताव पर सदन की अनुमति मांगी। विपक्ष का आरोप है कि स्पीकर का रवैया ‘पक्षपातपूर्ण’ रहा है।

नियम क्या कहता है?

अगर सदन के 50 सदस्य इस नोटिस के समर्थन में खड़े होते हैं, तभी इस पर चर्चा और वोटिंग होगी। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने सांसदों को सदन में मौजूद रहने के लिए व्हिप जारी किया है। हालांकि, संख्या बल सरकार के पक्ष में होने के कारण इस प्रस्ताव का गिरना लगभग तय माना जा रहा है।

विपक्ष के हंगामे के बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने राज्यसभा में बयान दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव चिंताजनक है और इसका समाधान केवल ‘संवाद और कूटनीति’ से ही निकल सकता है। जयशंकर ने भरोसा दिलाया कि खाड़ी देशों में रह रहे लाखों भारतीयों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और प्रधानमंत्री मोदी खुद हालात की निगरानी कर रहे हैं।

सरकार के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने सरकार पर इस मुद्दे पर चर्चा से भागने का आरोप लगाया। वहीं, सपा सांसद अफजाल अंसारी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, “प्रधानमंत्री सदन में आकर जवाब क्यों नहीं देते? क्या वे अमेरिकी राष्ट्रपति से डर गए हैं? अगर वे बयान नहीं दे सकते, तो इस्तीफा दें और विदेश मंत्री को ही प्रधानमंत्री बना दें।”

कार्यवाही स्थगित

स्पीकर को हटाने के प्रस्ताव पर जैसे ही चर्चा शुरू हुई, विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। शोर-शराबा बढ़ता देख पीठासीन अधिकारी ने लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

Also Read: कोलकाता: कालीघाट मंदिर पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त को दिखाए गए काले झंडे, ‘वापस जाओ’ के नारों से गूंजा परिसर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.